logo

रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया खेलगांव,सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ

रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया खेलगांव,सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ

द फॉलोअप डेस्क, रांची
झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक खानपान, कला और विकास की उपलब्धियों को एक मंच पर प्रस्तुत करने के उद्देश्य से राजधानी रांची के खेलगांव में तीन दिवसीय महोत्सव का भव्य आगाज हुआ। झारखंड राज्य स्थापना दिवस और वर्तमान सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन गुरुवार शाम राज्य सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, दीपक बिरुवा और संजय प्रसाद यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के साथ ही खेलगांव का परिसर झारखंडी लोक संगीत, पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जीवंत हो उठा। महोत्सव में राज्य की विविध सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास की तस्वीर भी देखने को मिल रही है। कार्यक्रम स्थल पर सूचना एवं जन संपर्क विभाग, खेल-कूद एवं युवा संस्कृति विभाग, गृह, कारा एवं आपदा विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग सहित कई विभागों के आकर्षक स्टॉल लगाए गए। कुल लगभग 160 स्टॉल स्थापित किए गए, जिनमें विभागों की उपलब्धियों, योजनाओं तथा उत्पादों का प्रदर्शन किया गया।


मंत्रियों ने राज्यवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में खेलगांव पहुंचें, विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी देखें और सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें। खास बात यह है कि इस तीन दिवसीय महोत्सव में आम लोगों के लिए प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और दीपक बिरुवा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अपनी योजनाओं और विकास कार्यों को केवल सरकारी दफ्तरों तक सीमित न रखकर आम जनता तक पहुंचाना है। इस महोत्सव के दौरान विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया जाएगा। साथ ही खेल और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

एक परिसर में दिखेगा पूरे झारखंड का रंग

महोत्सव का मुख्य आकर्षण राज्य के सभी जिलों के लिए तैयार किए गए विशेष पवेलियन हैं। इन पवेलियन के माध्यम से संबंधित जिलों की सांस्कृतिक पहचान, स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पर्यटन स्थलों और विशेषताओं को प्रदर्शित किया जा रहा है। वहीं, विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल के जरिए आम लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी जा रही है। इस पहल के माध्यम से लोगों को एक ही परिसर में पूरे झारखंड की विविधता और विकास की झलक देखने का अवसर मिल रहा है।

झारखंडी जायके ने खींचा लोगों का ध्यान

महोत्सव में संस्कृति के साथ पारंपरिक खानपान का भी खास इंतजाम किया गया है। झारखंडी फूड कोर्ट में ढुस्का-घुघनी, पीठा, छिलका समेत कई पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए हैं। यहां आने वाले लोग झारखंड के पारंपरिक स्वाद का आनंद ले रहे हैं।

लोकनृत्य और संगीत ने बांधा समां

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मुंडारी, नागपुरी, उरांव और संथाली लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां हुईं। सरायकेला छऊ नृत्य ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। इसके अलावा आधुनिक नागपुरी संगीत और महिला बैंड 'द सजनी ग्रुप' की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। पारंपरिक और आधुनिक कला के इस संगम ने महोत्सव को खास बना दिया।

इस अवसर पर प्रधान सचिव, गृह, कारा एवं आपदा विभाग वंदना दादेल, सचिव ग्रामीण विकास विभाग मनोज कुमार, निदेशक संस्कृति आसिफ़ एकराम, निदेशक खादी बोर्ड आलोक कुमार, निदेशक उद्योग विशाल सागर, निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी माधवी मिश्रा, सचिव पर्यटन मुकेश कुमार, निदेशक पर्यटन नमन प्रियेश, मुख्य कार्यकारी अधिकारी झारखण्ड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी अनन्य मित्तल तथा मैनेजिंग डायरेक्टर झारक्राफ्ट गरिमा सिंह सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। तीन दिवसीय यह सांस्कृतिक महोत्सव राज्य की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने, जनजातीय कलाओं को प्रोत्साहित करने तथा सरकार की विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा। आगामी दिनों में भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रदर्शनियों तथा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन जारी रहेगा।

Tags - JharkhandFoundation DayCultural ProgrammeAnniversary