logo

रांची : सीएम के निर्देश पर खिलाड़ियों से मिलने रिम्स पहुंचीं खेल निदेशक सरोजनी लकड़ा

ेोीद.jpg

रांचीः 
शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित खेलो झारखंड प्रतियोगिता में घायल हुए खिलाड़ियों का रिम्स में इलाज चल रहा है। खिलाड़ियों से आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद खेलकूद युवा कार्य निदेशालय की निदेशक सरोजिनी लकड़ा ने मुलाकात की। वह रिम्स  पहुंची और वहां खिलाड़ियों का हालचाल जाना। सभी घायल खिलाड़ी अलग-अलग वार्ड में भर्ती किए गए हैं, बिटवीन डुंगडुग सर्जरी मेडिसिन में भर्ती है, गोविंदा मांझी को सीबी सहाय के न्यूरो वार्ड में भर्ती किया गया है, जबकि तीसरे घायल खिलाड़ी इनोसेंट मिंज अभी सीओटी में इलाजरत हैं। सभी घायल खिलाड़ी रंगारी हाई स्कूल सिमडेगा के फुटबॉल के खिलाड़ी हैं। 


घायल खिलाड़ियों का बेहतरीन इलाज हो 
जिला खेल पदाधिकारी रांची एवं हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह को सरोजिनी लकड़ा ने दिशा निर्देश भी दिया। कहा कि समय-समय पर घायल खिलाड़ियों के परिवार से भी संपर्क किया जाए। घायल खिलाड़ियों को हर संभव मदद विभाग की तरफ से दिया जाए। घायल खिलाड़ियों से मिलने खेल निदेशक सरोजिनी लकड़ा, पूर्व हॉकी ओलंपियन मनोहर टोपनो, खेल सलाहकार झारखंड खेल प्राधिकरण देवेंद्र कुमार सिंह एवं  हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह रिम्स पहुंचे । 


कल हुआ हादसा 
दरअसल सिमडेगा में आयोजित खेलो झारखंड प्रतियोगिता में भाग लेने के बाद फुटबॉल खिलाड़ी शनिवार को अपने घर लौट रहे थे। घर वापसी के क्रम में रंगारी हाई स्कूल, सिमडेगा के ये प्लेयर्स सड़क दुर्घटना में घायल हो गये थे, जबकि बुरी तरह से घायल होने के बाद अनमोल केरकेट्टा की जान चली गई थी। शनिवार को ही घायल खिलाड़ियों की हालत देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सिमडेगा से रिम्स, रांची भेज दिया गया था। सीएम हेमंत सोरेन ने मामले में संज्ञान लेते हुए खेल विभाग को आज निर्देश दिए। इसके बाद खेल निदेशक सरोजनी लकड़ा रिम्स पहुंचकर घायल खिलाड़ियों का हालचाल पूछा।