logo

नवादा में दर्दनाक सड़क हादसा, तिलक में जा रहे तीन दोस्तों की मौके पर मौत

accident1478.png

नवादा 
बिहार के बिहार के नवादा जिले में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। घटना सीतामढ़ी थाना क्षेत्र की है। गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रिवला गांव के तीन युवक अपने दोस्त के तिलक समारोह में शामिल होने अकबरपुर जा रहे थे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक एक ही बाइक पर सवार थे और तेज रफ्तार में सफर कर रहे थे। कटघारा गांव के पास तरवा आहर के समीप एक मोड़ पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रफ्तार अधिक होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और बाइक सीधे बिजली के पोल से जा टकराई। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।


मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान प्रताप कुमार उर्फ विकास कुमार (पिता- विजय चौधरी), इंद्रन मांझी (पिता- राजेश मांझी) और सोनू कुमार उर्फ भोला चौधरी (पिता- सुनील चौधरी) के रूप में हुई है। तीनों की उम्र लगभग 20 से 23 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सभी युवक रिवला गांव के निवासी थे और आपस में घनिष्ठ मित्र थे। ग्रामीण समाजसेवी दीपक कुमार ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस रफ्तार और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।
दीपक कुमार ने बताया, “सीतामढ़ी थाना पुलिस को सूचना दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाइक भी जब्त कर ली गई है।”


खुशियां बदलीं मातम में
जिस घर में तिलक की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा है। तीनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार मृतकों में से एक युवक की पत्नी गर्भवती है, जिससे परिवार की पीड़ा और बढ़ गई है।
बिहार में लगातार हो रहे सड़क हादसे एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही के खतरनाक नतीजों को उजागर करते हैं। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय सतर्कता बरतें और यातायात नियमों का पालन करें।


 

Tags - Attri Gaya Village Speeding Bike Collision Electric Pole Crash Bihar Traffic Safety Breaking News Bihar