द फॉलोअप, रांची
नगर विकास एवं आवास विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग तथा पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से झारखंड अभियंत्रण सेवा संघ (JESA) ने गहरा दुख व्यक्त किया है। संघ के महासचिव मो. आरिफ इकबाल ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू अभियंत्रण एवं तकनीकी विभागों की जटिलताओं को समझते हुए उनके समाधान के लिए अभियंताओं के साथ सदैव सार्थक संवाद एवं विचार-विमर्श करते थे।

संघ के पूर्व महासचिव राहुल कुमार ने कहा कि वे नवाचार, आधुनिक तकनीक एवं बदलते समय के अनुरूप कार्यप्रणाली को अपनाने के सदैव पक्षधर रहे। कार्य विभाग के मंत्री के रूप में उन्होंने अभियंताओं के सम्मान एवं कार्यकुशलता में वृद्धि को विशेष महत्व दिया। उनका निधन राज्य, समाज एवं अभियंत्रण जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। संघ एवं राज्य के सभी अभियंता उनके योगदान एवं स्मृतियों को सदैव सम्मानपूर्वक स्मरण करता रहेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक-संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें।
