रांची:
सोनाहातु थाना क्षेत्र के बारेंदा टोला देवानसारणा में रविवार को भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार हाइवा ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल रमेश महतो ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया।

रिश्तेदार का इंतजार कर रहे थे दंपती
बताया गया कि पति-पत्नी सड़क किनारे खड़े होकर अपने एक रिश्तेदार के आने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान आयरन लदा तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर उनकी ओर आ गया। हाइवा ने महिला को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गया। गंभीर रूप से कुचले जाने के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल रमेश महतो ने अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई।
.jpeg)
चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग
गुस्साए ग्रामीणों ने सिल्ली-रांगामाटी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। दोनों शव सड़क पर ही पड़े हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। ग्रामीण हाइवा चालक की तत्काल गिरफ्तारी और मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़े हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार भारी वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण जरूरी है, ताकि इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति न हो।