logo

मनोहरपुर में बीमार पिता को अस्पताल ले जा रहे बेटे की सड़क हादसे में मौत, पिता घायल

मनोहरपुर में बीमार पिता को अस्पताल ले जा रहे बेटे की सड़क हादसे में मौत, पिता घायल

पश्चिमी सिंहभूम 
Manoharpur Accident News: पिता की अचानक तबीयत बिगड़ी तो बेटा बिना देर किए उन्हें अपनी बाइक पर बैठाकर अस्पताल के लिए निकल पड़ा। उसे क्या पता था कि बीमार पिता को इलाज दिलाने की कोशिश उसके लिए आखिरी सफर साबित होगी। मंगलवार देर रात पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर (Manoharpur) स्थित धानापाली मुख्य मार्ग पर सिमिरता गांव के पास सड़क पर अचानक आई गाय को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 22 वर्षीय सुजीत के सिर में गंभीर चोट लगी और उसकी मौत हो गई। दुर्घटना में बाइक पर पीछे बैठे उसके पिता ललित महतो घायल हो गए।

पिता की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल के लिए निकले
बताया गया कि मुख्य रेंगालबेड़ा गांव निवासी ललित महतो की मंगलवार देर रात अचानक तबीयत खराब हो गई थी। उनकी हालत देखकर बेटे सुजीत ने उन्हें बाइक पर बैठाया और मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (Community Health Centre) की ओर चल पड़ा। रात करीब 12 बजे सिमिरता गांव के पास अचानक एक गाय बाइक के सामने आ गई। सुजीत ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरी।

हादसे में सिर पर लगी गंभीर चोट
दुर्घटना में सुजीत के सिर पर गंभीर चोट लगी। हादसे के बाद उसके पिता ललित महतो ने किसी तरह फोन से परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और सुजीत को लेकर मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। ललित महतो को मामूली चोटें आई हैं।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर मनोहरपुर थाना प्रभारी (Police Station In-Charge) अम्मीएल एक्का पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बुधवार सुबह शव को पोस्टमार्टम (Postmortem) के लिए चक्रधरपुर भेज दिया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Tags - West Singhbhum AccidentManoharpur NewsJharkhand Road AccidentFatal Bike AccidentChaibasa News