logo

रांची हिंसा : अब तक 12 लोगों के घायल होने की सूचना, रिम्स में जारी है इलाज

a471.jpg

रांची: 

राजधानी रांची में बीजेपी की राष्ट्रीय प्रवक्ता नुपूर शर्मा द्वारा की गई विवादित टिप्पणी के विरोध में आयोजित प्रदर्शन हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। रांची हिंसा में अब तक 12 लोगों के घायल होने की सूचना है। सभी का इलाज रिम्स में किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक रांची सिविल सर्जन ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि 6 घायलों को पहले सदर अस्पताल लाया गया था। इनमें से 5 लोगों को लाठी-डंडे से चोट लगी थी। 

सिविल सर्जन ने क्या कुछ बताया
रांची सिविल सर्जन ने बताया कि एक सिपाही के सिर में चोट लगी थी जबकि 1 युवक को पैर में गोली लगी थी। सभी को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद रिम्स रेफर कर दिया। गौरतलब है कि बीजेपी की निलंबित राष्ट्रीय प्रवक्ता नुपूर शर्मा द्वारा की गई विवादित टिप्पणी के विरोध में रांची के डेली मार्केट में बंद बुलाया गया था। इसी दौरान लोग प्रदर्शन कर रहे थे तभी ये हिंसा भड़की। प्रदर्शनकारियों ने पत्थरबाजी की। पास खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की और उनको आग के हवाले कर दिया। 

इस इलाके में जारी है निषेधाज्ञा
फिलहाल रांची जिला प्रशासन ने सुजाता चौक से फिरायालाल चौक तक धारा-144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। इस इलाके में एक ही जगह 5 या पांच से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। रांची के उपायुक्त, एसएसपी, डीआईजी, सिटी एसपी, एसपी एटीएस और सदर एसडीएम ने अलग-अलग मोर्चा संभाल लिया है। जवानों ने फ्लैग मार्च निकाला। संवेदनशील इलाकों को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने लोगों को बेवजह घरों से निकलने से मना किया है। 

मुख्यमंत्री ने धैर्य की अपील की
मामले में मुख्यमंत्री का बयान भी सामने आ गया है। उन्होंने हिंसा की इस घटना को चिंताजनक बताते हुए लोगों से शांति बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि, झारखंड के लोग संवेदनशील और सहनशील हैं। मैं अपील करता हूं कि लोग धैर्य बरतें। किसी भी अफवाह पर भरोसा ना करने की अपील की। सीएम ने नाम लिए बगैर कहा कि हम सब कुछ गलत शक्तियों का शिकार हो रहे हैं।