logo

कश्मीर और हिमाचल में हो रही बर्फबारी ने झारखंड में बढ़ाई ठिठुरन, तेजी से गिर रहा पारा

thand3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में ठंड के सितम जारी है। राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर चल रही है। कश्मीर और हिमाचल में हो रही बर्फबारी के कारण राज्य के कई हिस्सों में तेजी से पारा गिर रहा है। राज्य के लगभग सभी जिलों का पारा न्यूनतम 10 डिग्री के नीचे पहुंच गया है।  कांके,चतरा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कांके में मंगलवार को तापमान 3.5 डिग्री दर्ज किया गया। यहां जम्मू और शिमला से अधिक ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 2 दिनों तक मौसम इसी तरह रहेगा। 21-22 दिसंबर के बाद शीतलहर से थोड़ी राहत मिल सकती है लेकिन ठंड का सितम जारी रहेगा। वहीं मौसम की स्थिति को देखते हुए आपदा प्रबंधन ने अलर्ट जारी किया है।

 
राज्य में सबसे ठंडा जिला चतरा 
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे ठंडा जिला चतरा रहा। यहां न्यूनतम पारा 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री से नीचे रहा। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पलामू समेत पश्चिमी और इससे सटे उत्तरी भाग चतरा आदि जिलों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। अगले दो दिन इन इलाकों में शीतलहर चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
21 के बाद छाएंगे बादल, पर ठंड से नहीं मिलेगी राहत
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में दो दिन बाद यानी 21 दिसंबर के बाद से आसमान में आंशिक बादल छाएंगे, लेकिन ठंड से राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार देश के उत्तर और हिमालय क्षेत्र में बर्फबारी के बाद चलने वाली हवा झारखंड को भी सिहराएगी। आंशिक बादल छाने से रात में कनकनी कम होगी, लेकिन दिन में यह बढ़ जाएगी। बड़ा दिन के साथ सर्दी और बढ़ सकती है।


आपदा प्रबंधन विभाग ने जारी की एडवाइजरी

  • मल्टीलेयर कपड़ा पहनें, घर से बाहर टोपी लगाकर निकलें
  • घर को गर्म रखने की कोशिश करें, पर्दा, शटर आदि का इस्तेमाल करें - पर्याप्त भोजन करें, गुनगुना पानी पीयें, ज्यादा प्रोटीन वाला भोजन लें
  •  घर में बना खाद्य सामग्री ही प्रयोग करें, गर्म खाने की कोशिश करें
  •  वृद्ध व बच्चे सुबह और शाम के वक्त घर से बाहर निकलने से बचें
  •  फसलों में हल्की सिंचाई करें, सब्जी की खेतों के आसपास धुआं करें