logo

डिब्बे से निकला सांप, जिसने रेस्क्यू किया था उसी को डसा

डिब्बे से निकला सांप, जिसने रेस्क्यू किया था उसी को डसा

द फॉलोअप डेस्क
पश्चिम मेदिनीपुर जिले में सांप को रेस्क्यू कर लौट रहे वाइल्ड लाइफ रेस्क्यू टीम के सदस्य मलय घोष के साथ हादसा हो गया। खड़ार इलाके से एक जहरीले चंद्रबोड़ा सांप को रेस्क्यू करने के बाद वह उसे डिब्बे में बंद कर बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर गड्ढे में जमा पानी के कारण उनकी बाइक अचानक फिसल गई और वह सड़क पर गिर पड़े। बाइक के फिसलने के दौरान सांप को जिस डिब्बे में रखा गया था, वह खुल गया। इसके बाद उसमें बंद चंद्रबोड़ा सांप बाहर निकल आया और उसने मलय घोष के हाथ पर डस लिया। अचानक हुई इस घटना के बाद मलय घोष ने बिना किसी को सूचना दिए खुद ही अस्पताल पहुंचकर इलाज कराया।


डॉक्टरों ने दिया एंटी-स्नेक वेनम
अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए उपचार शुरू किया। डॉक्टरों की सलाह पर उसी दिन मलय घोष को एंटी-स्नेक वेनम यानी एएसवी दिया गया। इसके बाद से वह लगातार चिकित्सकों की निगरानी में हैं। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराए गए मलय घोष की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उनकी हालत में सुधार होने की जानकारी सामने आई है।