logo

झारखंड के उच्च शिक्षा क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल, बोकारो में खुलेगी सिस्टर निवेदिता यूनिवर्सिटी; AI की पढ़ाई से खुलेगा तरक्की का नया रास्ता

झारखंड के उच्च शिक्षा क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल, बोकारो में खुलेगी सिस्टर निवेदिता यूनिवर्सिटी; AI की पढ़ाई से खुलेगा तरक्की का नया रास्ता

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
झारखंड के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी और उत्साहजनक खबर सामने आई है। अब राज्य के प्रतिभाशाली युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डीप टेक्नोलॉजी और आधुनिक तकनीक से जुड़े कई उन्नत विषयों की पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों का रुख करने की मजबूरी कम होगी। बोकारो जिले के कसमार प्रखंड में सिस्टर निवेदिता यूनिवर्सिटी अपना नया परिसर स्थापित करने जा रही है। जनवरी के दूसरे सप्ताह में विश्वविद्यालय का भूमि पूजन प्रस्तावित है। इस परियोजना को झारखंड में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। खास बात यह है कि सिस्टर निवेदिता यूनिवर्सिटी पहले से ही दूसरे राज्यों में अपनी शैक्षणिक पहचान बना चुकी है और यहां अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी भी शिक्षा प्राप्त करते हैं। ऐसे में इस संस्थान का झारखंड आना राज्य के शैक्षणिक परिदृश्य को नई दिशा देने की क्षमता रखता है।


20 एकड़ में विकसित होगा आधुनिक शिक्षा का केंद्र
करीब 20 एकड़ जमीन पर विकसित होने वाले इस विश्वविद्यालय में पारंपरिक विषयों के साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डीप टेक्नोलॉजी समेत ऐसे विषय शामिल होंगे, जिनकी पढ़ाई अभी देश के चुनिंदा शिक्षण संस्थानों में ही उपलब्ध है। तेजी से बदलती दुनिया में तकनीक, शोध और नवाचार का महत्व लगातार बढ़ रहा है। ऐसे समय में झारखंड में इस स्तर के विश्वविद्यालय की स्थापना विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का अवसर दे सकती है। यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और करियर के नए विकल्पों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। विश्वविद्यालय में झारखंड के विद्यार्थियों को प्राथमिकता देने की बात भी कही गई है। इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिलेगी। अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों की मौजूदगी और दूसरे राज्यों में संस्थान के अनुभव से कसमार परिसर को भी व्यापक शैक्षणिक पहचान मिलने की उम्मीद है।


दस वर्षों के प्रयास को मिली सफलता, मुख्यमंत्री को दिया निमंत्रण
इस विश्वविद्यालय को झारखंड लाने के पीछे लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों की अहम भूमिका रही है। विश्वविद्यालय के चांसलर एवं टेक्नो इंडिया एसआरएस ग्रुप के एमडी सत्यम रायचौधरी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पेयजल मंत्री योगेंद्र महतो से मुलाकात कर उन्हें भूमि पूजन समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। चांसलर सत्यम रायचौधरी ने 'द फॉलोअप' से बातचीत में बताया कि विश्वविद्यालय परिसर का निर्माण करीब 20 एकड़ भूमि पर किया जाएगा। यहां विद्यार्थियों को आधुनिक और रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वहीं, स्थानीय विधायक एवं पेयजल मंत्री योगेंद्र महतो ने कहा कि वे पिछले करीब 10 वर्षों से अपने क्षेत्र में विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय स्थापित कराने का प्रयास कर रहे थे। उनका सपना था कि कसमार और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों पर निर्भर न रहना पड़े। अब सिस्टर निवेदिता यूनिवर्सिटी के आने से उस लंबे प्रयास को सफलता मिलने की उम्मीद जगी है। यह परियोजना केवल एक विश्वविद्यालय की स्थापना नहीं, बल्कि बोकारो और पूरे झारखंड के युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार, शोध और वैश्विक अवसरों के नए दरवाजे खोलने की पहल साबित हो सकती है। आने वाले समय में कसमार की पहचान भी एक प्रमुख शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित हो सकती है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया है। वहीं, टेक्नो इंडिया एसआरएस ग्रुप के एमडी एवं यूनिवर्सिटी के चांसलर सत्यम रायचौधरी ने मुख्यमंत्री को जनवरी के दूसरे सप्ताह में होने वाले भूमि पूजन समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।

 

Tags - Sister Nivedita UniversityJharkhand EducationBokaro NewsHigher EducationAI and Technology