द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
हेमंत सोरेन सरकार की ओर से विधानसभा में एसआईआर से जुड़ा संकल्प आज ध्वनि मत से पारित हो गया। इसमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने, एसआईआर की प्रक्रिया पर रोक लगाते हुए सर्वसम्मत एसओपी के माध्यम से झारखंड में एसआईआर कराने की बात कही गयी है। राज्य सरकार के संकल्प पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कई तीखी बातें भी कही। उन्होंने कहा कि यह सच है कि हमें ज्ञानेश कुमार को हटाने की शक्ति प्राप्त नहीं है। लेकिन झारखंड की चार करोड़ जनता की भावनाओं के विपरीत हो रहे एसआईआर का विरोध करने के लिए राज्य की सर्वोच्च संवैधानिक संस्था विधानसभा से प्रस्ताव पारित करने का अधिकार जरूर है। और आज हम यही कर रहे हैं। उन्होंने तीखे लहजे में यह भी कहा कि एमएमडीआर और एसआईआर जैसे दो मुद्दे भाजपा को मटियामेट करने के लिए काफी है। सदन की कार्यवाही 26 नवंबर के दिन के 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी। 26 नवंबर को सदन में एमएमडीआरए पर सरकार प्रस्ताव पेश करेगी और चर्चा के बाद उसे पास कराएगी।
.jpeg)
एसआईआर का विरोध नहीं, इसकी प्रक्रिया पर आपत्ति
सरकार के जवाब के दौरान संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि सरकार एसआईआर का विरोधी नहीं है। इसकी प्रक्रिया का विरोधी है। किसे आपत्ति होगी कि मृत व्यक्ति का नाम कट जाए। दो जगह जिनका नाम हो, उनका नाम हटाया जाए। झारखंड की सामाजिक और भौगोलिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए दस्तावेजों की बाध्यता पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार सैद्धांतिक रूप से SIR का विरोध नहीं करती है, बल्कि जिस प्रक्रिया के तहत इसका संचालन हो रहा है, उसमें मौजूद खामियों का विरोध कर रही है।सदन में अपने वक्तव्य में राधाकृष्ण किशोर ने कहा, “ये दिल्ली नहीं, झारखंड है। मैं झारखंड के चारों कोनों के चार गांवों का नाम लेता हूं। ज्ञानेश कुमार यहां आएं, मैं उनके साथ चलूंगा।उन्हें दिखाऊंगा कि यहां आदिवासी और पहाड़ी जनजातियों के लोग किस तरह की परिस्थितियों में रहते हैं। जिनके पास बुनियादी दस्तावेज तक नहीं हैं, उनसे जन्म प्रमाण पत्र मांगा जा रहा है. उन्होंने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि वे उन चार गांवों के नाम बताने को तैयार हैं, यदि वहां किसी का जन्म प्रमाण पत्र मिल जाए तो वे अपने पद से इस्तीफा दे देंगे, नहीं तो ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा।
