द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा जिले में पर्यटन विकास को गति देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। लातेहार टूरिज्म के सहयोग से कोलकाता के कंटेंट क्रिएटर्स ने प्रमुख पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार किया। लातेहार टूरिज्म के प्रयासों से कोलकाता से आए दो कंटेंट क्रिएटर्स अभिब्रत भक्त और आहाना डे भक्त ने जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया और विस्तृत वीडियो व्लॉग तैयार किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य सिमडेगा की प्राकृतिक, धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों को व्यापक स्तर पर पहचान दिलाना है। अपने भ्रमण के दौरान कंटेंट क्रिएटर्स ने जिले के कई महत्वपूर्ण स्थलों को कवर किया, जिनमें सूर्य मंदिर सातवीं शताब्दी , भैरव बाबा पहाड़ी, रामरेखा धाम, दनगदी जलप्रपात, बसतपुर, तथा प्रसिद्ध केलाघाघ जलप्रपात सहित अन्य पर्यटन स्थल शामिल हैं। इन स्थानों की प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक आस्था, शांत वातावरण और पर्यटन संभावनाओं को डिजिटल माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।

दोनों कंटेंट क्रिएटर्स ने प्रत्येक स्थल की विशेषताओं, वहां तक पहुंचने के मार्ग, स्थानीय संस्कृति तथा प्राकृतिक वातावरण को अपने कैमरे में कैद किया। उनके द्वारा बनाए गए व्लॉग यूट्यूब एवं विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए जाएंगे, जिससे देश-विदेश के पर्यटक सिमडेगा की ओर आकर्षित हो सकेंगे। उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह ने कहा कि जिले में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं और इन्हें धरातल पर उतारने के लिए प्रशासन ठोस पहल कर रहा है। उन्होंने बताया कि रामरेखा धाम, केलाघाघ जलप्रपात और दनगदी जैसे स्थल प्राकृतिक सौंदर्य एवं आध्यात्मिक शांति का अनूठा संगम प्रस्तुत करते हैं। इन स्थलों तक बेहतर सड़क संपर्क, ठहराव की सुविधा, स्वच्छता व्यवस्था तथा मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य तेज कर दिया गया है।

लातेहार टूरिज्म के गोविंद पाठक ने बताया कि लातेहार और सिमडेगा क्षेत्र प्राकृतिक संपदा और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध हैं। संयुक्त प्रयासों के माध्यम से क्षेत्रीय पर्यटन को नई दिशा दी जा सकती है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए प्रचार-प्रसार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। लातेहार टूरिज्म और जिला प्रशासन के सहयोग से सिमडेगा पर्यटन अब नई पहचान की ओर अग्रसर है, और आने वाले समय में यह जिला झारखंड के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में शामिल होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।