सिमडेगा
सिमडेगा जिले में विकास के पहिये थमे नहीं बल्कि और तेजी से घूमें, इसके लिए एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने एक नई और अनोखी पहल की शुरुआत की है। जिसके तहत अब जिले में विकास कार्यों के स्थलों पर सिर्फ मशीनों की आवाज नहीं बल्कि सुरक्षा और भरोसे का पहरा भी दिखाई देगा। जानकारी देते हुए एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने बताया कि जिला पुलिस के द्वारा जिले भर में निर्माणाधीन परियोजनाओं का विशेष सिक्योरिटी ऑडिट अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत निर्माण कार्य स्थलों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा रही है। साथ ही मजदूरों और निर्माण एजेंसियों में सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत कराने का प्रयास किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के हर पहलू की गहन समीक्षा की गई। मजदूरों एवं कर्मियों की सुरक्षा, मशीनरी और निर्माण सामग्री की सुरक्षा, रात्रि सुरक्षा प्रबंधन, सीसीटीवी कैमरा एवं प्रकाश व्यवस्था, बाहरी लोगों की आवाजाही, संवेदनशील बिंदुओं की निगरानी तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था की विशेष जांच की गई।

दो दिवसीय सिक्योरिटी ऑडिट अभियान
पुलिस द्वारा यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि किसी भी निर्माण स्थल पर सुरक्षा में कोई कमी न रहे। उन्होंने कहा कि जिले में चल रही विकास परियोजनाओं को सुरक्षित और निर्बाध तरीके से पूरा कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस की यह पहल न केवल निर्माण एजेंसियों और मजदूरों का मनोबल बढ़ाएगी बल्कि जिले में चल रहे विकास कार्यों को समय पर पूरा कराने में भी अहम भूमिका निभाएगी। जिले में पहली बार चलाए गए दो दिवसीय सिक्योरिटी ऑडिट अभियान के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न थाना एवं ओपी क्षेत्रों में चल रहे निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। इसमें ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के केरेया पुलिया निर्माण स्थल, कुरडेग थाना क्षेत्र के हेथमा पावरग्रिड निर्माण साइट, ओड़गा ओपी क्षेत्र के टाटी रेलवे निर्माण स्थल, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महुआटोली एवं मांझीटोली सड़क निर्माण कार्य, रेंगारिह थाना क्षेत्र के चिड़राटोली पुलिया निर्माण स्थल तथा गिरदा ओपी क्षेत्र के पांगुर एवं बैसोर पुलिया निर्माण स्थलों का सुरक्षा ऑडिट किया गया। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा रात्रि गश्ती को मजबूत रखने के निर्देश दिए गए।
