logo

सिमडेगा में 37 किलो गांजा के साथ चार गिरफ्तार, ओडिशा से सप्लायर को भी दबोचा

SDPO_sim.jpg

सिमडेगा 

सिमडेगा जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लगभग 37 किलो गांजा बरामद करते हुए इस मामले में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। साथ ही दो बाइक, तीन मोबाइल फोन और नकद राशि भी जब्त की गई है। मामले की जानकारी देते हुए SDPO धर्मदेव पासवान ने बताया कि पुलिस अधीक्षक (SP) को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर के केलाघाघ डैम के समीप कुछ लोग गांजा की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए SDPO के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और मौके पर छापेमारी की गई।

गांजा की तस्करी ओडिशा से 

छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन लोगों को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उनके पास से 10 किलो 245 ग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उदित एडिसन मिंज, अमित केरकेट्टा और रिहातुन रजा अंसारी के रूप में हुई है। वहीं उनसे पूछताछ के बाद मिले सुराग के आधार पर आरोपी उदित एडिसन मिंज की निशानदेही पर उसके घर में छापेमारी की गई, जहां से 26 किलो 750 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इस तरह कुल 36 किलो 995 ग्राम गांजा जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा की तस्करी ओडिशा के टांगर गांव निवासी दुलेश्वर आपट द्वारा की जाती थी।

पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी

इसके बाद पुलिस टीम ने ओडिशा के टांगर गांव पहुंचकर कार्रवाई करते हुए दुलेश्वर आपट को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 36.995 किलोग्राम गांजा, दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 4,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। SDPO धर्मदेव पासवान ने कहा कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे के कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

Tags - Simdega Police Cannabis Seizure Drug Smuggling Anti Narcotics Operation Odisha Connection