logo

सिमडेगा नगर परिषद के 37 केंद्रों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू, मतदाताओं में उत्साह

ेगससग.jpg

द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा नगर परिषद में नगर सरकार के गठन के लिए सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। शहर के 20 वार्डों में बनाए गए सभी 37 मतदान केंद्रों पर निर्धारित समय से मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। कई मतदाता सुबह 7 बजे से पहले ही मतदान केंद्रों के बाहर पहुंचकर कतार में खड़े हो गए थे। जैसे ही मतदान शुरू हुआ, मतदाता एक-एक कर अपने मताधिकार का प्रयोग करने लगे। सिमडेगा नगर परिषद क्षेत्र में कुल 30,972 मतदाता नगर की सरकार चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। शहर के सभी 37 मतदान केंद्रों को आदर्श बूथ बनाया गया है, जहां पेयजल, शौचालय, रैंप और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। शहरी क्षेत्र के कई सरकारी कर्मियों ने भी इस बार बूथ पर पहुंचकर मतदान किया। उनका कहना है कि पूर्व में चुनाव ड्यूटी के कारण वे पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान करते थे, लेकिन इस बार पहली बार सीधे मतदान केंद्र पर वोट देकर उन्हें अलग खुशी का अनुभव हुआ। कुल मिलाकर सिमडेगा में मतदान शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में जारी है। पूरे झारखंड के 48 नगर निकायों में नगर सरकार के गठन के लिए सोमवार सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। लंबे अंतराल के बाद हो रहे नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदाताओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। राजधानी Ranchi सहित राज्यभर में सुबह से ही लोग अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार राज्यभर में कुल 4307 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जो 2129 मतदान भवनों में संचालित हो रहे हैं। इनमें 2445 केंद्रों को संवेदनशील और 896 को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है, जहां अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।