द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग के गर्भवती होने और प्रसव के बाद मृत शिशु को दफनाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में नामजद 40 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर के आंगन में दफन किए गए मृत शिशु को बरामद किया। घटनास्थल से कुदाल भी जब्त की गई है। एसडीपीओ धर्मदेव पासवान के अनुसार, 22 अगस्त को सदर अस्पताल में नाबालिग की मां ने पुलिस के समक्ष बयान दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि करीब 10 दिन पहले उन्हें बेटी के गर्भवती होने की जानकारी मिली थी। पूछताछ के दौरान एक नाबालिग लड़के ने भी किशोरी के गर्भवती होने की बात स्वीकार की थी। आरोप है कि लड़के की मां ने दोनों की शादी कराने की बात कही थी।

जड़ी-बूटी की दवा खिलाने का आरोप
नाबालिग की मां के अनुसार, 19 अगस्त को खेत से लौटने के बाद किशोरी ने बताया कि लड़के की मां ने कथित तौर पर गर्भपात कराने के उद्देश्य से उसे जड़ी-बूटी की दवा खिलाई और किसी को जानकारी नहीं देने को कहा। इसके बाद किशोरी ने करीब छह माह के मृत शिशु को जन्म दिया। आरोप है कि लड़के की मां मृत शिशु को बिना किसी को सूचना दिए अपने साथ ले गई और बाद में उसे घर के आंगन में दफना दिया। घटना के बाद किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने 22 अगस्त को उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। नाबालिग की मां के बयान के आधार पर मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 21/26 दर्ज कर बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में जांच शुरू की गई। एसपी श्रीकांत एस खोटरे के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।