द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा जिले के कुरडेग प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया। खिंडा पंचायत के परकला गांव में एक अनियंत्रित हाइवा सड़क किनारे बने एक घर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हाइवा की जोरदार टक्कर से सड़क किनारे स्थित मकान को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। हादसे की वजह से कुछ देर तक मौके पर लोगों में दहशत का माहौल रहा।

सड़क में धंसा हाइवा का पहिया
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क की खराब स्थिति हादसे की मुख्य वजह बनी। बताया जा रहा है कि सड़क पर मौजूद मिट्टी में हाइवा का एक पहिया धंस गया। इसके बाद चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और हाइवा सड़क किनारे स्थित घर की ओर चला गया। चालक ने भी सड़क की खराब हालत को दुर्घटना की वजह बताया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद कुरडेग थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

तेज रफ्तार हाइवा को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
हादसे के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में हाइवा वाहनों के परिचालन को लेकर चिंता जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई हाइवा चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हैं। कुछ चालकों के नशे की हालत में वाहन चलाने की शिकायत भी सामने आने की बात ग्रामीणों ने कही है। ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन से हाइवा वाहनों की नियमित जांच कराने की मांग की है। साथ ही तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर हादसे के वक्त घर के आसपास या सड़क पर कोई व्यक्ति मौजूद होता, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। संयोग से इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई।