logo

सिमडेगा में नौकरी के नाम पर ठगी का खेल! पुलिस ने तीन को हिरासत में लिया

sim_JOB.jpg

सिमडेगा 

सिमडेगा जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित रूप से फर्जी सर्टिफिकेट बांटने और छात्रों से पैसे वसूलने का मामला सामने आया है। वहीं मामले को गंभीरता से लेते हुए कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने जिला प्रशासन को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। जानकारी के अनुसार, राम गोविंद ग्रुप कॉलेज के नाम पर प्लस टू हाई स्कूल सिमडेगा के सभागार में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में छात्रों को एंट्रेंस परीक्षा पास कराने और नौकरी दिलाने का दावा किया जा रहा था। इसके लिए प्रत्येक छात्र से ₹200 शुल्क लिया जा रहा था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक शामिल हुए थे।

लोगों को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं

इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद इसकी सूचना कोलेबिरा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष राकेश कोंगाड़ी को दी गई। उन्होंने मामले की जानकारी विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी को दी। सूचना मिलने पर विधायक ने अपने प्रतिनिधि मोहम्मद शमी आलम को मौके पर भेजकर जांच कराने का निर्देश दिया। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर इसकी सूचना जिला प्रशासन को दी गई। इधर, उपायुक्त (DC) के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और कार्यक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू की।

जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक स्थिति होगी स्पष्ट

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रशासनिक टीम के पहुंचते ही कार्यक्रम से जुड़े तीन लोग मौके से फरार हो गए, जबकि तीन अन्य को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि छात्रों को दिए जा रहे सर्टिफिकेट और नौकरी से जुड़े दावे कितने वैध थे। मामले में कार्रवाई के बाद कई अभिभावकों एवं छात्रों ने प्रशासन की तत्परता की सराहना की। वहीं, विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी की पहल को लेकर भी लोगों ने आभार व्यक्त किया। फिलहाल पुलिस और जिला प्रशासन पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Tags - Job Fraud Naman Bixal Kongadi Police Investigation Education Fraud Administrative Action