सिमडेगा
सिमडेगा नगर परिषद उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल रिंकू ने शुक्रवार को उपायुक्त (DC) कंचन सिंह से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से नगर उपाध्यक्ष ने डीसी को बताया कि नगर परिषद के वार्ड 12 स्थित गुलजार गली बाजार टांड पथ में सड़क किनारे एक कचरा डंपिंग स्टेशन बनाया गया है, जहां पूरे शहर में हो रही साफ-सफाई के बाद संग्रह किए गए कचरा को जमा किया जाता है। उन्होंने बताया कि डंपिंग स्टेशन जिस जगह पर बनाया गया है, उसके आस-पास कई आवासीय परिसर मौजूद हैं। इस कारण वहां हमेशा बीमारी फैलने का खतरा बना रहता है। कचरे से उत्पन्न बदबू के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है।
.jpeg)
दूसरे जगह पर स्थानांतरित करने की मांग
लोग दिन-रात इस बदबू के साथ जी रहे हैं, जो उनके स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता को गंभीर रूप से प्रभावित कर रही है। नगर परिषद उपाध्यक्ष ने बताया कि जिस जगह कचरा डंपिंग स्टेशन है, वहां सिमडेगा शहर का सबसे बड़ा साप्ताहिक बाजार सोमवार और गुरुवार को लगाया जाता है। इस साप्ताहिक बाजार में बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवारों के लोग पहुंचते हैं और व्यापार करते हैं। कचरे के कारण इन ग्रामीणों में भी बीमारी फैलने की संभावना बनी रहती है। नप उपाध्यक्ष ने डीसी से कचरा स्टेशन को किसी दूसरे जगह पर स्थानांतरित करने की मांग की है, ताकि स्वच्छता अभियान का उद्देश्य पूरा हो सके। डीसी ने भी लोगों की भावनाओं को ख्याल में रखते हुए सकारात्मक पहल करने की बात कही है।
