सिमडेगा
Simdega News: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर सिमडेगा जिले में भक्तिमय माहौल है। इसी बीच सिमडेगा की उपायुक्त कंचन सिंह भी छठ की तैयारियों में पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ जुटी नजर आईं। प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने अपने घर में छठ की पारंपरिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए नहाय-खाय की तैयारियां खुद कीं। इस दौरान उनकी आस्था, समर्पण और पर्व के प्रति उत्साह देखने को मिला।

खुद तैयार किया नहाय-खाय का प्रसाद, निभाई पारंपरिक परंपरा
नहाय-खाय के अवसर पर उपायुक्त कंचन सिंह ने अपने हाथों से दाल-भात और कद्दू की सब्जी तैयार की। इसके साथ ही छठ पूजा के लिए गेहूं सुखाने की पारंपरिक परंपरा भी निभाई। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक छठ गीत गाकर पर्व के भक्तिमय माहौल को और भी खास बना दिया। उनकी इन तैयारियों में छठ महापर्व के प्रति गहरी आस्था और श्रद्धा झलकती नजर आई। छठ की तैयारियों को लेकर उपायुक्त का उत्साह घर तक ही सीमित नहीं रहा। वह खुद बाजार पहुंचीं और ग्रामीण महिलाओं से छठ पूजा के लिए सूप की खरीदारी की। इस दौरान उन्होंने पर्व से जुड़ी पारंपरिक सामग्रियों की खरीदारी की। उनके इस अंदाज ने छठ की लोक परंपराओं और ग्रामीण महिलाओं के श्रम से जुड़े पर्व के महत्व को भी दर्शाया।

2014 से लगातार कर रही हैं छठ व्रत
उपायुक्त कंचन सिंह ने बताया कि वह वर्ष 2014 से लगातार छठ महापर्व का व्रत करती आ रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ पर्व की तैयारियां करना उनके लिए सामान्य बात है। महिलाएं अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए घर-परिवार और पर्व-त्योहारों की परंपराओं को भी पूरी निष्ठा से निभाती हैं। कंचन सिंह ने छठ महापर्व को आस्था, पवित्रता और अनुशासन का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि इस पर्व में स्वच्छता और शुद्धता का विशेष महत्व है। छठ केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि परंपरा, समर्पण और सामाजिक एकजुटता का भी प्रतीक है। अंत में उपायुक्त ने जिलेवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।