logo

लोकल से ग्लोबल- सिमडेगा का आम्रपाली आम अब इटली की थाली तक

SIMDEGA_AAAM.jpg

सिमडेगा
 सिमडेगा जिले के किसानों द्वारा उत्पादित आम्रपाली आम अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगातार अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। मनरेगा के तहत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना से विकसित आम बागानों में तैयार आम्रपाली आम की दूसरी अंतरराष्ट्रीय खेप मंगलवार को इटली के लिए रवाना की गई। सिमडेगा के हेरिटेज सेंटर सह म्यूजियम परिसर से उपायुक्त कंचन सिंह ने हरी झंडी दिखाकर आम से लदे वाहन को रवाना किया। उन्नत किस्म के एक मीट्रिक टन आम्रपाली आम को पहले कोलकाता भेजा गया, जहां से इसे कार्गो विमान के जरिए इटली निर्यात किया जाएगा। जिले में किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और उनके उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है।


मनरेगा और JSLPS के अभिसरण से किसानों को बड़े खरीदारों और निर्यात एजेंसियों से जोड़ा गया है, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगा है। सिमडेगा का आम्रपाली आम देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों के बाजारों तक पहुंच रहा है। इस निर्यात प्रक्रिया का संचालन JSLPS के सहयोग से महिला जागृति प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड कर रही है। कंपनी किसानों से गुणवत्तापूर्ण आम का संग्रहण, छंटाई, पैकेजिंग और विपणन का कार्य कर रही है। इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है और उनके लिए स्थायी बाजार व्यवस्था भी विकसित हो रही है। जिले के विभिन्न प्रखंडों में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत विकसित बागानों से जुड़े किसानों के लिए यह नई संभावनाओं का द्वार खोल रहा है।


इस अवसर पर उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन किसानों को केवल उत्पादन तक सीमित नहीं रखना चाहता, बल्कि उन्हें लाभकारी और स्थायी बाजार भी उपलब्ध कराना चाहता है। उन्होंने कहा कि किसानों के उत्पादों का अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचना जिले के लिए गर्व की बात है और इससे अन्य किसान भी बागवानी एवं उद्यानिकी गतिविधियों की ओर प्रेरित होंगे। वहीं उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत विकसित बागानों से किसानों की आय में लगातार वृद्धि हो रही है। सिमडेगा का आम्रपाली आम अपनी उत्कृष्ट गुणवत्ता के कारण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहचान बना रहा है। जिला प्रशासन ने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में सिमडेगा का आम्रपाली आम वैश्विक बाजार में और मजबूत पहचान बनाएगा तथा इससे जिले के हजारों किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

Tags - Simdega#AmrapaliMango#JharkhandAgriculture#BirsaHaritGramYojana#MangoExportToItaly