logo

टाटा ओपन 2025 के अंतिम राउंड से पहले शुभम जगलान और युवराज संधू के बीच कांटे की टक्कर

golf.jpg

द फॉलोअप डेस्क

टाटा ओपन 2025 के अंतिम राउंड से पहले शुभम जगलान और युवराज संधू के बीच खिताब की दौड़ बेहद रोमांचक हो गई है। 2 करोड़ रुपये इनामी राशि वाला यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट और पीजीटीआई का सीजन फिनाले जमशेदपुर के बेलडीह और गोलमुरी गोल्फ कोर्स में खेला जा रहा है। इक्कीस वर्षीय शुभम जगलान (68-66-65), जिन्होंने इसी वर्ष पेशेवर करियर की शुरुआत की है और पीजीटीआई पर अपना केवल तीसरा टूर्नामेंट खेल रहे हैं, ने तीसरे दिन शानदार और बिना किसी गलती के छह-अंडर 65 का स्कोर किया। इस बेहतरीन प्रदर्शन के साथ शुभम एक पायदान ऊपर चढ़ते हुए 14-अंडर 199 के स्कोर के साथ संयुक्त बढ़त में पहुंच गये हैं। 
गुरुग्राम निवासी शुभम, जिन्होंने पिछले महीने चंडीगढ़ में अपने पीजीटीआई डेब्यू टूर्नामेंट में उपविजेता स्थान हासिल किया था, अब टूर पर अपने पहले खिताब की तलाश में हैं। वहीं युवराज संधू (67-64-68), जो दूसरे राउंड के बाद तीन शॉट की बढ़त के साथ लीडर थे, ने तीसरे राउंड में तीन-अंडर 68 का स्कोर किया और दिन का खेल समाप्त होने तक 14-अंडर 199 के स्कोर के साथ संयुक्त बढ़त में पहुंच गये हैं। चंडीगढ़ निवासी युवराज, जिन्होंने इस वर्ष पीजीटीआई पर छह खिताब अपने नाम किए हैं, पहले ही 2025 का पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट खिताब जीत चुके हैं और इस तरह अगले वर्ष के लिए डीपी वर्ल्ड टूर में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। अब संधू एक ही सत्र में पीजीटीआई पर रिकॉर्ड सातवां खिताब जीतने की कोशिश में हैं।

शीर्ष दो खिलाड़ियों और बाकी फील्ड के बीच स्पष्ट अंतर नजर आ रहा है। वीर अहलावत (65), खालिन जोशी (68) और एन थंगराजा (68) की तिकड़ी संयुक्त लीडरों से पांच शॉट पीछे रहते हुए नौ-अंडर 204 के स्कोर के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर है। पहले और दूसरे राउंड में फील्ड के एक समूह ने बेलडीह गोल्फ क्लब में अपने 18 होल खेले, जबकि बाकी खिलाड़ियों ने गोलमुरी गोल्फ क्लब में 18 होल पूरे किए। तीसरे और चौथे राउंड में लीडिंग ग्रुप पहले गोलमुरी में फ्रंट नाइन खेलते हैं और इसके बाद बैक नाइन खेलने के लिए बेलडीह में शिफ्ट होते हैं। गोलमुरी और बेलडीह दोनों को मिलाकर कुल पार 71 है।
टाटा स्टील, जो इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की टाइटल स्पॉन्सर है, दुनिया की अग्रणी वैश्विक स्टील कंपनियों में शामिल है और इसकी वार्षिक क्रूड स्टील उत्पादन क्षमता 35 मिलियन टन है। वर्ष 1907 में जमशेदपुर (झारखंड, भारत) में स्थापित यह कंपनी अपने संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी टाटा के दूरदर्शी दृष्टिकोण से साकार हुई और आज दुनिया के सबसे भौगोलिक रूप से विविधीकृत स्टील उत्पादकों में से एक है, जिसकी वैश्विक स्तर पर संचालन और व्यावसायिक मौजूदगी है। पीजीटीआई अपने टूर पार्टनर्स में रोलेक्स, अमूल, इंडसइंड बैंक, विक्टोरियस चॉइस, कैम्पा, अमृतांजन इलेक्ट्रो प्लस, गोल्फ प्लस मंथली और गोल्फ डिज़ाइन इंडिया—से वर्षभर मिल रहे निरंतर सहयोग के कारण सतत विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।
रात भर दूसरे स्थान पर रहे और लीड से तीन शॉट पीछे चल रहे शुभम जगलान का फ्रंट नाइन बेहद सफल रहा, जहां उन्होंने तीन बर्डी और एक ईगल बनाए। इसमें दो सात फीट और दो 15 फीट के शानदार कन्वर्ज़न शामिल रहे। बैक नाइन में शुभम ने 12वें होल पर एक बर्डी जोड़ी, वहीं 25 फीट के लंबे पुट सहित दो शानदार पार-सेव किए, जिसने उनकी लय और आत्मविश्वास को बनाये रखा।
शुभम ने कहा कि गोलमुरी में मेरा फ्रंट नाइन काफी अच्छा रहा, लेकिन वहां से बेलडीह तक करीब 30 मिनट का सफर मेरे लिए थोड़ा चुनौतीपूर्ण रहा, क्योंकि मैंने पहले कभी दो अलग–अलग और इतनी दूर स्थित वेन्यू पर एक ही राउंड नहीं खेला था। हालांकि, बेलडीह में किए गए दो बेहतरीन पार–सेव ने मुझे काफी आत्मविश्वास दिया और मैं फिर से अपनी लय में लौट आया। आज पहली बार मैंने पीजीटीआई के किसी टूर्नामेंट में लीडर ग्रुप के साथ खेला। इतनी सुर्खियों में रहना और दर्शकों से मिल रहा उत्साह अपने साथ दबाव भी लाता है, लेकिन मुझे लगता है कि आज मैंने उस दबाव को अच्छी तरह संभाला। शनिवार को युवराज संधू ने पांच बर्डी और दो बोगी के साथ शानदार खेल दिखाया और लीडरबोर्ड के शीर्ष पर अपनी मौजूदगी बनाए रखी।
युवराज ने कहा, “आज गोलमुरी में मेरी शुरुआत अच्छी रही, लेकिन बेलडीह में दो बार थ्री–पुट हो गए। इसके बावजूद कोर्स से बाहर आते समय मैं फाइनल राउंड को लेकर काफी प्रेरित महसूस कर रहा हूं। यह 2025 का आखिरी प्रतिस्पर्धी राउंड होगा, इसलिए मैं इसमें अपना सर्वश्रेष्ठ देने की पूरी कोशिश करूंगा।”
मनोज एस ने तीसरे राउंड में 67 का स्कोर बनाते हुए 17वें होल पर शानदार होल इन वन किया। मनोज ने दिन का खेल आठ अंडर 205 के स्कोर के साथ मोहम्मद अज़हर और अमरदीप मलिक के साथ संयुक्त छठे स्थान पर समाप्त किया। जमशेदपुर के एकमात्र पेशेवर खिलाड़ी कुरुश हीरजी, जो कट में जगह बनाने में सफल रहे, सात ओवर 220 के स्कोर के साथ संयुक्त 51वें स्थान पर रहे।

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand latest news TATA OPEN GOLF 2025 jamshedpur news jamshedpur khabar jamshedpur update