द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज जिले के बरहेट स्थित शिवगादी धाम में आज सावन के पहले दिन श्रावणी मेला का भव्य उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा, उपायुक्त हेमंत सती और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर पंकज मिश्रा ने कहा कि शिवगादी धाम का लगातार विकास हो रहा है और आने वाले समय में यह स्थल भारत के पर्यटन मानचित्र पर अपनी जगह बनाएगा। उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि बाबा भोलेनाथ हमारे जिले में विराजमान हैं। उन्होंने बताया कि हर वर्ष लगभग 20 लाख श्रद्धालु यहाँ दर्शन करने आते हैं, जिनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। एसपी अमित कुमार सिंह ने कहा कि बड़ी संख्या में यहां कांवड़ यात्री आते हैं, जिनकी सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मेला क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था एक बड़ी चुनौती होती है, लेकिन इसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। शिवगादी धाम मंदिर समिति भी मेले के सफल आयोजन के लिए दिन-रात मेहनत कर रही है।
