पोड़ैयाहाट/गोड्डा:
गोड्डा के पोड़ैयाहाट थानाक्षेत्र अंतर्गत पोड़ैयाहाट पंचायत के मुखिया अनुपम भगत उर्फ लड्डू पर जानलेवा हमला हुआ। पोड़ैयाहाट मुख्य बाजार स्थित पंडित टोला कांबली बगीचा के पास मुखिया अनुपम भगत को लक्ष्य करके 2 राउंड फायरिंग की गई। पुलिस, घटना की छानबीन में जुट गई है। गनीमत रही कि अनुपम भगत को गोली नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मुखिया अनुपम भगत, एसबीआई शाखा से अपने घर लौट रहे थे कि, तभी पहले से घात लगाए 2 बाइक पर सवार 4 अज्ञात अपराधियों ने उनको निशाना बनाकर फायरिंग की। बताया जाता है कि अपराधियों ने अनुपम भगत पर काफी नजदीक से गोली चलाई।

पोड़ैयाहाट बाजार में दहशत का माहौल
अचानक हुई फायरिंग की घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। बताया जाता है कि दोनों गोली मुखिया के करीब से गुजरी, लेकिन गनीमत रही कि वह हमले में बच गए। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर बाइक से ही भाग निकले। पुलिस ने घटनास्थल से 1 खोखा बरामद किया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों से मिले फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

पोड़ैयाहाट बाजार विरोध में हुआ बंद
दिनदहाड़े एक जनप्रतिनिधि पर जानलेवा हमले से स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। सैकड़ों की संख्या में लोग पोड़ैयाहाट थाना पहुंचे और हमलावरों की अविलंब गिरफ्तारी को लेकर थाने का घेराव किया। स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने केवल थाने का ही घेराव नहीं किया, बल्कि पूरा पोड़ैयाहाट बाजार बंद करा दिया। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है, लेकिन पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने की वजह से अपराधियों का हौसला बुलंद है। स्थानीय लोग सुरक्षित महसूस नहीं करते।

मुखिया अनुपम भगत ने लगाया संगीन आरोप
मुखिया अनुपम भगत ने बताया कि 2 साल पहले व्यवसायी शैलैंद्र भगत की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस केस में वह गवाह थे और इस वजह से उनको लगातार धमकियां मिल रही थीं। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार नहीं किया जाता है तो उग्र आंदोलन किया जायेगा। इधर, पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोषियों को चिन्हित करके गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जायेगी। उनको जल्द कानून के शिकंजे में लाया जायेगा। फिलहाल, तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पोड़ैयाहाट बाजार में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गयी है।