logo

रांची : सर्किट हाउस से लेकर बापू वाटिका तक दुकानदारों को बसाया जाएगा, जगह पसंद आने पर ही होंगे शिफ्ट

सर्किट हाउस से लेकर बापू वाटिका तक दुकानदारों को बसाया जाएगा, जगह पसंद आने पर ही होंगे शिफ्ट

रांचीः 
मोरहाबादी में हुए गैंगवार की घटना के बाद वहां के दुकानोदारों को हटा दिया गया है, लेकिन काफी विरोध के बाद दुकानदारों को फिर से बसाने की तैयारी चल रही है। रांची नगर निगम ने फैसला लिया है कि सर्किट हाउस से लेकर बापू वाटिका तक की 157 फुटपाथ दुकानों को स्थानांतरित किया जाएगा। इन दुकानदारों को मोरहाबादी में ही तीन जगहों पर बसाया जाएगा। नगर आयुक्त मुकेश कुमार व अपर नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन बुधवार को इसी मैटर को लेकर मोरहाबादी पहुंचे थे।  अधिकारियों ने ऑक्सीजन पार्क,जिस्ट्री कार्यालय व होटल पार्क प्राइम के समीप खाली जगहों को देखा। अधिकारियों ने कहा कि दुकानदारों को उसी आस-पास बसाया जायेगा। मौके पर उप नगर आयुक्त रजनीश कुमार, सहायक नगर आयुक्त ज्योति कुमार व शीतल कुमारी भी मौजूद थे। 


जगह पसंद आने पर ही शिफ्ट होंगे दुकानदार
दुकानदार संघ के अध्यक्ष कुमार रोशन ने कहा कि निगम की ओर से निगम की ओर से चिन्हित की गई है जगहों को लेकर गुरुवार को फुटपाथ दुकानदारों से रायशुमारी की जाएगी। अगर जगह पसंद नहीं आई तो दुकानदार शिफ्ट नहीं होंगे। नगर आयुक्त ने बताया कि सर्किट हाउस से बापू वाटिका तक की सड़क को नो वेंडिंग जोन घोषित किया जाएगा। इसके बाद भी अगर कोई दुकान लगाता है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। यहां सड़क पर वाहनों को पार्क करने की भी इजाजत नहीं होगी। 


दो वेंडर मार्केट लगेंगे 
नगर आयुक्त ने कहा कि मोरहाबादी मैदान के पास दो वेंडर मार्केट और एक नाइट मार्केट लगेगा। वेंडर मार्केट में यहां के फुटपाथ दुकानदारों को शिफ्ट किया जाएगा वहीं नाइट मार्केट शाम को खुलेगा जो देर रात बंद होगा। मोराबादी मैदान में सप्ताह में 2 दिन लगने वाले हाट बाजार को देखते हुए इन 2 दिनों में मिनी कचरा ट्रांसफर स्टेशन वाले रोड को बैरियर से बंद कर दिया जाएगा ताकि लोग आराम से वाहन पार्क कर यहां आकर खरीदारी कर सकें।