logo

13 नवंबर से झारखंड में भीषण ठंड की दस्तक, 3 डिग्री तक गिरेगा पारा; जानें आपके यहां का हाल

13 नवंबर से झारखंड में भीषण ठंड की दस्तक, 3 डिग्री तक गिरेगा पारा; जानें आपके यहां का हाल

द फॉलोअप डेस्क:
Jharkhand Weather Update:
झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में 13 नवंबर से न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे प्रदेश में ठंड का असर और तेज हो सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, इससे पहले अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। हालांकि, अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।

सुबह हल्का कोहरा, दिन में साफ रहेगा आसमान
सोमवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में सुबह हल्का कोहरा देखने को मिला, जबकि इसके बाद पूरे दिन आसमान साफ रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में होने वाले बदलाव के बीच सुबह और रात के समय ठंड का असर अधिक महसूस किया जा सकता है।सोमवार को जारी तापमान आंकड़ों के अनुसार, राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा खूंटी में 12.3, लोहरदगा में 12.7, गुमला में 12.8, पश्चिमी सिंहभूम में 13.1, सिमडेगा में 13.9 और हजारीबाग में 14.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 15.0 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, पूर्वी सिंहभूम में 16.0, सरायकेला में 16.1, बोकारो में 16.7, देवघर में 17.8 और दुमका में 18.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

पश्चिमी सिंहभूम में सबसे अधिक 31 डिग्री रहा अधिकतम तापमान
राज्य में अधिकतम तापमान की बात करें तो पश्चिमी सिंहभूम में सबसे अधिक 31.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दुमका में 30.9, सिमडेगा और पूर्वी सिंहभूम में 29.9, देवघर में 29.7, बोकारो में 29.3 और सरायकेला में 29.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। खूंटी में अधिकतम तापमान 28.2, गुमला में 27.5 और रांची में 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, जबकि 13 नवंबर से न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ने की संभावना है।

Tags - Jharkhand weatherCold waveRanchi temperatureIMD forecastWinter update