logo

रामदयाल मुंडा शोध संस्थान में रचनात्मक लेखन पर 7 दिवसीय कार्यशाला का आयोजन

 रामदयाल मुंडा शोध संस्थान में रचनात्मक लेखन पर 7 दिवसीय कार्यशाला का आयोजन

रांची   

डॉ. रामदयाल मुंडा जनजातीय कल्याण शोध संस्थान में 7 दिवसीय ‘रचनात्मक लेखन कार्यशाला का उद्घाटन विशिष्ट अतिथियों के द्वारा पारंपरिक रूप से नगाड़ा बजाकर किया गया। उद्घाटन अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव, राजीव अरुण एक्का के कर-कमलों द्वारा किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य झारखंड राज्य के आदिवासी युवाओं में रचनात्मक लेखन का विकास करना है। ताकि वो आने वाले समय में अपनी रचनात्मकता से सिनेमा और साहित्य के क्षेत्र में झारखंड का नाम रौशन कर सकें। बता दें कि रचनात्मक लेखन कार्यशाला का पहला चरण जून 2023 में किया गया था। आज की कार्यशाला उसी कड़ी का दूसरा चरण है।

देशभर के लेखकों और फिल्मकार ने लिया हिस्सा 
सात दिवसीय कार्यशाला में देशभर के कई जाने माने लेखक और फिल्मकार को शिक्षक के रूप में आमंत्रित किया गया। ये अतिथि साहित्य, सिनेमा और अनुवाद की बारीकियों पर छात्रों को विशेष प्रशिक्षण देकर उन्हें आने वाले समय में बेहतरीन लेखक और फिल्मकार बनाने में भूमिका अदा करेंगे। डॉ. रामदयाल मुंडा जनजातीय कल्याण शोध संस्थान के डिप्टी डायरेक्टर टूटी ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य झारखंड में नए लेखकों की पीढ़ी तैयार करना है। 

अविनाश ने दिखाये दो फिल्मों के ट्रेलर 

सिनेमा के प्रशिक्षण सत्र में वक्ता के रूप में बॉलीवुड फिल्म निर्देशक अविनाश दास मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलियन आदिवासी फिल्म चार्लीज कंट्री और फ्रेंच फिल्म कैपिटल के ट्रेलर दिखाए। इसके बाद उन्होंने इन फिल्मों की कहानी, निर्देशन और सिनेमा की तकनीकी बारीकियों पर छात्रों से गहनता पूर्वक चर्चा की। फिल्म निर्देशक और पत्रकार अविनाश दास ने कहा जो लेखक होते हैं और जो लिखने की चाह वाले लोग होते हैं उनका ऐसे आयोजन में मिलना दो दुनिया का आपस में मिलना है।


इन्होंने किया कार्यशाला को संबोधित 

नितिशा खलखो ने कहा कि कार्यक्रम में प्रतिभागियों को लेखन के क्षेत्र में प्रशिक्षण देकर कलम का सिपाही बनाया जा रहा जो नागवार समय से गुजर रहे हैं। कहा कि कार्यशाला से झारखंड के अलग अलग क्षेत्रों से आनेवाले छात्र तो सीखेंगे ही साथ ही साथ शिक्षक भी उन प्रतिभागियों की मातृभाषा और उनकी रचनात्मक सवालों से सिख पाएंगे। सब्बीर अहमद ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य बहुत ही सार्थक है। लेखन के क्षेत्र में छात्रों का रुझान घटता जा रहा है। ऐसे वक्त में ऐसी अनूठी कार्यशाला का आयोजन अहम है। राकेश कुमार सिंह ने कहा हर विद्या अपने आप में अनोखी है। झारखंड के लेखन प्रेमी छात्रों के बीच ऐसा आयोजन करके उन्हें लेखन के क्षेत्र में प्रशिक्षण देना वाकई कबीले तारीफ है।

 
मानव मस्तिष्क को कंट्रोल करने की कोशिश

वरिष्ठ साहित्यकार और आलोचक रविभूषण जी ने कहा जितने भी सृजन के क्षेत्र हैं, उसका सीधा संबंध हमारी संवेदनाओं से है। आज मानव मस्तिष्क को कंट्रोल करने की कोशिश की जा रही है। मनुष्य की संवेदनशीलता को खत्म किया जा रहा है। ऐसी कार्यशाला हमें संवेदनशील और रचनात्मक बनाती है। कक्षा के आखिर में उन्होंने प्रतिभागियों से “वह तोड़ती पत्थर”कविता पर एक आलोचनात्मक विश्लेषण लिखकर लाने को कहा। दूसरे सत्र में अनिल यादव ने बताया रचना की बुनियादी शर्त है कि इसकी कोई सीमा नहीं। जिज्ञासु होना ही रचनात्मक होना है। खुद को सोचने समझने के लिए हर मनुष्य को रचनात्मक होना जरूरी है।