सरायकेला-खरसावां:
सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे छह आरोपियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन पिस्टल, एक जिंदा गोली, लोहे का चाकू, लोहे की दावली, हथौड़ी, तीन मोटरसाइकिल और सात मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पूर्व में लूट की घटनाओं को अंजाम देने का प्रयास कर चुके हैं।

बंद पड़े स्कूल में जुटे थे अपराधी, बड़ी वारदात की बना रहे थे योजना
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि चौका थाना क्षेत्र के मतकमडीह गांव के टोला चुटियाखाल स्थित बंद पड़े नव माध्यमिक विद्यालय में कुछ अपराधी बैठे हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर टीम गठित कर उक्त स्थल पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोनसा सिंह मुंडा (28 वर्ष), चन्द्रराम मुंडा उर्फ चमरू (करीब 26 वर्ष), सोमा मुंडा उर्फ सज्जी (करीब 22 वर्ष), देबेन मुंडा (करीब 26 वर्ष), सोमा मुंडा उर्फ करपा (करीब 19 वर्ष) और रामजीत मुंडा उर्फ मंगरा (करीब 19 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी आरोपी सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले बताए गए हैं।
तीन पिस्टल और सात मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन पिस्टल, एक जिंदा गोली, लोहे का चाकू, लोहे की दावली, लोहे की हथौड़ी, तीन मोटरसाइकिल, सात मोबाइल फोन और एक हेलमेट बरामद किया है। बरामद मोटरसाइकिलों में एक काले रंग की स्प्लेंडर, एक काले रंग की हीरो करिज्मा एक्सएमआर और एक लाल रंग की टीवीएस अपाचे शामिल है।
.jpeg)
पहले भी लूट की कोशिश का पुलिस को मिला सुराग
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 19 अगस्त 2026 को उरमाल स्थित माधुरी पेट्रोल पंप में लूट का प्रयास करने तथा 3 सितंबर 2026 को घाटशिला स्थित माउंट 10 व्यू होटल में मोबाइल और छिनतई की घटना में शामिल होने की बात बताई। पुलिस ने इन घटनाओं से संबंधित लूटे गए तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ चौका थाना में पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक कुछ आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ चौका एवं कुचाई थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं।