logo

अस्पताल संचालक को बड़े भाई ने मारी गोली

अस्पताल संचालक को बड़े भाई ने मारी गोली

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित गायत्री शिक्षा निकेतन परिसर में सोमवार रात संपत्ति विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरआईटी थाना क्षेत्र में रात करीब 9:30 बजे 111 सेव लाइफ अस्पताल के संचालक डॉ. ओपी आनंद को उनके बड़े भाई सत्य प्रकाश सुधांशु ने गोली मार दी। गोली डॉ. आनंद की पीठ में लगी। गंभीर रूप से घायल डॉक्टर को परिजन और स्थानीय लोग तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी सत्य प्रकाश सुधांशु को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी लाइसेंसी पिस्तौल भी जब्त कर ली है।

मां से बातचीत के दौरान शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, दोनों भाई आदित्यपुर स्थित तीन मंजिला मकान में रहते हैं। डॉ. ओपी आनंद नीचे के तल पर, जबकि उनके बड़े भाई सत्य प्रकाश सुधांशु ऊपरी मंजिल पर रहते हैं। सोमवार रात डॉ. आनंद अपनी मां गायत्री देवी से पुश्तैनी संपत्ति के बंटवारे को लेकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बड़े भाई वहां पहुंचे और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर डॉ. आनंद ने अपने बड़े भाई के मुंह पर मुक्का मार दिया। इससे नाराज सत्य प्रकाश सुधांशु अपने कमरे में गए और लाइसेंसी पिस्तौल लेकर लौटे। इसके बाद उन्होंने दो राउंड फायरिंग कर दी।

भागने के दौरान पीठ में लगी गोली

गोली चलने पर डॉ. आनंद बचने के लिए भागने लगे, लेकिन इसी दौरान एक गोली उनकी पीठ में जा लगी। मौके पर मौजूद अमित कुमार सिंह के अनुसार, वह रात करीब 9:30 बजे डॉ. आनंद के साथ जिम से लौटे थे। अचानक ऊपर की सीढ़ियों से सुधांशु नीचे आए और अपशब्द कहते हुए गोली चलाने लगे। पहली गोली डॉ. आनंद को लगी, जबकि दूसरी गोली चलने पर अमित ने उनका हाथ पकड़कर उन्हें कमरे के अंदर खींच लिया। इससे उनकी जान बच गई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटे और घायल डॉक्टर को अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने के बाद आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आरोपी को थाने ले जाकर पूछताछ कर रही है। फायरिंग में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्तौल भी जब्त कर ली गई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Tags - Seraikela Kharsawan Adityapur Dr OP Anand 111 Save Life Hospital property dispute Gayatri Shiksha Niketan RIT police station firing incident