logo

सरायकेला-खरसावां में अभियंता की अनुपस्थिति से विकास कार्य ठप, जिला परिषद अध्यक्ष ने जताई चिंता

sarai_parishad.jpg

सरायकेला-खरसावां 

सरायकेला-खरसावां के जिला परिषद अध्यक्ष सोना राम बोदरा ने जिला अभियंता की लंबे समय से अनुपस्थिति को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि पिछले लगभग एक महीने से जिला अभियंता के कार्यालय में नहीं रहने के कारण परिषद के कई आवश्यक प्रशासनिक और तकनीकी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। अध्यक्ष के अनुसार अभियंता की गैरमौजूदगी से संवेदकों के भुगतान, नई योजनाओं की निविदा प्रक्रिया, इकरारनामा (एग्रीमेंट) सहित कई विकास कार्यों से जुड़ी फाइलें लंबित पड़ी हैं। इससे जिले में संचालित विकास योजनाओं की गति धीमी पड़ गई है और कई कार्य समय पर पूरे नहीं हो पा रहे हैं।

वैकल्पिक व्यवस्था कर लंबित कार्यों को शीघ्र गति दी जा

सोना राम बोदरा ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने पूर्व में उपायुक्त (DC) को ज्ञापन सौंपकर स्थिति से अवगत कराया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जब जिले में लगातार नई विकास योजनाओं का शिलान्यास किया जा रहा है, तब उन्हें क्रियान्वित करने के लिए आवश्यक अधिकारियों का होना सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आगामी समय में कई महत्वपूर्ण योजनाओं को निर्धारित अवधि में पूरा करना है। ऐसे में जिला अभियंता का लंबे समय तक अनुपस्थित रहना विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रहा है। अध्यक्ष ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की तत्काल समीक्षा कर जिला अभियंता की स्थिति स्पष्ट की जाए तथा आवश्यक होने पर वैकल्पिक व्यवस्था कर लंबित कार्यों को शीघ्र गति दी जाए।

Tags - Engineer Absence Development Projects DC Seraikela Government Projects