logo

धनबाद में झाड़ियों में मिली 35 वर्षीय महिला की अर्धनग्न लाश, रेप के बाद मर्डर की आशंका

dhanbad_crime.jpg

द फॉलोअप डेस्क
धनबाद जिले के केंदुआटांड़ पहाड़ी के किनारे झाड़ियों में एक महिला का शव मिला है। महिला का अर्धनग्न शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान 35 वर्षीये गुड़िया मुर्मू के रूप में हुई है। पुलिस ने शव की पहचान होने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार पुलिस ने आशंका जताई है कि महिला से दुष्कर्म के बाद पत्थर से कूचकर उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि यह जांच का विषय है, उसके बाद ही कुछ कहा जाएगा। 


पहाड़ी के पास घूमने गए बच्चों ने देखा शव
मामला धनबाद के पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र के रूपन पंचायत में केंदुआटांड़ पहाड़ी का है। बताया जा रहा है कि गांव के कई बच्चे शाम के समय पहाड़ी के पास घूमने गए थे। वहीं झाड़ियों के बीच उनलोगों ने एक लाश देखी। जिसके बाद सभी बच्चे भागकर गांव पहुंचे और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। लेकिन अंधेरा हो जाने के कारण किसी की उधर जाने की हिम्मत नहीं हुई। इस बीच, मुखिया सतीश मुर्मू को सूचना मिली, तो वह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पूर्वी टुंडी के थानेदार को इसकी सूचना दी।


3 बच्चों की मां थी महिला
मृतका के परिजनों ने बताया है कि महिला 3 बच्चों की मां थी। वह मानसिक रूप से कमजोर थी। रविवार से ही वह लापता थी। परिजन जगह-जगह उसकी तलाश कर रहे थे। मृतका का पति महीमन मुर्मू दैनिक मजदूरी करता है।पुलिस का कहना है कि घटना की जानकारी मिलने पर हम मौके पर पहुंचे। जहां काफी मशक्कत के बाद शव को झाड़ियों से निकाला गया। प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस ने आशंका जताई है कि रेप के बाद महिला की हत्या की गई है। हालांकि महिला का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही ठोस तरीके से कुछ कहा जा सकता है।

 

Tags - Dhanbad newsCrime news