logo

पश्चिम सिंहभूम के कुदाबुरु में 3 IED बम बरामद, सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने का था इरादा

a942.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, चाईबासा:

पश्चिम सिंहभूम के सोनुवा थानाक्षेत्र अंतर्गत कुदाबुरु गांव के पास स्थित जंगल से पुलिस के जवानों ने 3 आईईडी बम बरामद किया है। आशंका है कि सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से इन्हें जंगल में प्लांट किया गया होगा। सोमवार को नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन के दौरान ये बम बरामद किए गए। सुरक्षाबलों ने बम निरोधक दस्ता की मदद से जंगल में ही उन्हें नष्ट कर दिया। सुरक्षाबल के जवान पिछले कई महीनों से पूर्वी सिंहभूम के घने जंगलों में शीर्ष नक्सल नेता मिसिर बेसरा, अनमोल मोछु, चमन, कांडे, अजय महतो, सागेन अंगरिया और अश्विन के दस्ते के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। 

जंगलों में सक्रिय है शीर्ष नक्सलियों का दस्ता
सोमवार को सूचना मिली थी कि नक्सलियों का एक दस्ता इलाके में सक्रिय है। सूचना के आधार पर चाईबासा पुलिस, कोबरा 209 बीएन, 203बीएन, 205 बीएन, झारखंड जगुआर एवं सीआरपीएफ 60 बीएन, 197 बीएन, 157 बीएन, 174 बीएन, 193बीएन, 134 बीएन, 26 बीएन की टीमों का एक संयुक्त अभियान दल गठित कर लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है। 10 अक्टूबर से ही पुलिस और सुरक्षाबलों का संयुक्त ऑपरेशन कुईड़ा, छोटा कुईड़ा, मारादिरी, मेरालगड़ा, हाथीबुरू, तिलायबेड़ा, बोयपाईससांग, कटम्बा, बोरोय, बायहातु और लेमसाडीह सहित टोंटो थानाक्षेत्र के हुसिपी, राजाबासा, तुंबाहाका, रेगड़ा, गोबुरू, लुईया और पाटातोरब में नक्सल विरोधी अभियान जारी है। इस दौरान झारखंड में कई नक्सलियों को गिरफ्तार भी किया गया है।

 

सोमवार को सुरक्षाबल के जवानों ने बरामद किया बम
सोमवार को नक्सल विरोधी अभियान में लगे जवानों को सोनुवा थानाक्षेत्र अंतर्गत कुदाबुरू गांव के पास के जंगलों में 5 किलो के 2 और 4 किलो का 1 आईईडी बम मिला। यह नक्सलियों द्वारा जवानों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से लगाया गया था। नक्सल विरोधी अभियान जारी है। हाल ही में हजारीबाग दौरे के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा था कि झारखंड में नक्सलवाद समाप्ति की ओर है।