logo

सचिवालय घेराव फ्लॉप, भाजपा नेताओं ने मजमा लगाकर पुलिस बल पर फेंके पत्थर- विनोद पांडेय

1815.jpg

द फॉलोअप डेस्क
भाजपा का सचिवालय घेराव कार्यक्रम को झारखंड मुक्ति मोर्चा ने फ्लॉप करार दिया है। झामुमो के वरिष्ठ नेता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि इससे अधिक भीड़ तो नुक्कड़ सभाओं में होती है। सचिवालय घेराव कार्यक्रम में कार्यकर्ता नहीं जुटे तो भाजपा बहाने बना रही है। भाजपा के नेता सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के बहाने बना रहे हैं। लेकिन भाजपा के नेताओं ने मजमा लगाकर पुलिस बल पर पत्थर फेंके। यह जांच का विषय है कि पत्थर चलाने का प्रशिक्षण भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को कहां देती है। मुट्ठी भर उत्पाती लोगों के सहारे भाजपा राज्य में फिर से सत्ता पर काबिज होने का सपना देख रही है। जबकि, भाजपा को पिछले विधानसभा चुनाव में जनता ने नकार दिया है। डबल इंजन सरकार की बात करने वाले रघुवर दास अपनी सीट तक गंवा बैठे। भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले बाबूलाल मरांडी को भाजपा ने अपना नेता बनाया। हेमंत सोरेन के खिलाफ बोलने का इन्हें नैतिक अधिकार नहीं है।

सपने में भी हेमंत-हेमंत चिल्लाते होंगे
विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा के नेताओं को हेमंत फोबिया हो गया है। हेमंत सोरेन की लोकप्रियता से डरने के कारण ही एक-दूसरे को पसंद नहीं करने वाले भी एक मंच पर आकर ज्ञान दे रहे हैं। इन्हें दिन-रात सपने में हेमंत सोरेन नजर आते हैं। शायद सपने में भी हेमंत-हेमंत चिल्लाते होंगे। इनकी सत्ता पाने की बौखलाहट को राज्य की जनता समझ चुकी है।

देश-विदेश में हुई हेमंत की प्रशंसा
हेमंत सरकार की तारीफ करते हुए विनोद पांडेय ने कहा कि आज आदिवासी, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और समाज के वंचित वर्ग तक सरकार पहुंच रही है। युवाओं को नौकरियां मिल रही है। उच्च शिक्षा के लिए सरकार छात्रवृति प्रदान कर रही है। राज्य में प्रति व्यक्ति आय बढ़ रही है। कोरोना काल में सबसे ज्यादा काम हेमंत सोरेन ने कर दिखाया। उस वक्त भी राज्य के विकास की गति धीमी नहीं हुई। सरकार ने किसी को भूखे पेट सोने नहीं दिया। देश-विदेश में हेमंत सोरेन की प्रशंसा हुई। इस बात को झारखंड विरोधी भाजपा के नेताओं को पच नहीं रहा है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करेंhttps://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT