logo

संत मरियम स्कूल में स्काउट एंड गाइड के तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का समापन

mariam.jpg

द फॉलोअप डेस्क

संत मरियम स्कूल में चल रहे भारत स्काउट एंड गाइड के तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विश्रामपुर अनुमंडलीय पुलिस पदाधिकारी आलोक टूटी एवं भारत स्काउट एंड गाइड, पलामू के जिला संगठन आयुक्त (DOC) अमोद कुमार सिंह उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव एवं प्रधानाध्यापक कुमार आदर्श द्वारा अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत करने से हुई। इसके पश्चात अतिथियों ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे स्काउट-गाइड विद्यार्थियों के शिविर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बच्चों ने प्राकृतिक आपदाओं एवं विषम परिस्थितियों में सीमित संसाधनों के बीच धैर्य, साहस और सूझबूझ से मुकाबला करने से जुड़ी गतिविधियों का प्रदर्शन किया, जिसकी अतिथियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।

इस अवसर पर आलोक टूटी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत स्काउट एंड गाइड का मूल दर्शन साहस, शौर्य, सामुदायिक सेवा और नेतृत्व प्रदान करना है। आज का यह प्रशिक्षण बच्चों के व्यवहारिक जीवन में निश्चित रूप से काम आएगा। जब हम समाज में बहानेबाजी देखते हैं कि कोई व्यक्ति सक्षम होते हुए भी अपना कर्तव्य नहीं निभाता, तब ऐसे समय में स्काउट एंड गाइड का प्रशिक्षण नागरिकों को जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने आगे कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक के लिए राष्ट्र की रक्षा, समाज की प्रगति और आपसी एकता के लिए स्काउट एंड गाइड का प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। आगे इन्होंने कहा कि आप सभी भारत का भविष्य हैं, अपने माता-पिता और समाज का गौरव हैं। आपने तृतीय सोपान पूरा कर लिया है, अब पुरस्कार और सम्मान प्राप्त करने की बारी है। निडर होकर आगे बढ़िए और हर उपलब्धि अपने नाम कीजिए।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand update jharkhand latest news palamu news palamu khabar palamu update st. mariam school