logo

जामताड़ा : योनो ऐप अपडेट के नाम पर ठग उड़ाते थे पैसे, पुलिस ने गिरोह का किया भंडाफोड़, 4 साइबर अपराधी गिरफ्तार

unkr6um.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने योनो ऐप अपडेट के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले साइबर अपराधियों के गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे कई मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना, जामताड़ा की टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी की। यह कार्रवाई लखनुडीह पारटोल रोड स्थित ग्राम डिगवाडीह से दक्षिण करीब 200 मीटर दूर बांस झाड़ी के पास की गई, जहां साइबर ठगी को अंजाम दिया जा रहा था।
इस अभियान का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक फारूक ने किया। टीम में पुलिस निरीक्षक अमृत कुमार राम, पुलिस अवर निरीक्षक कुंदन कुमार वर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया, जो फर्जी मोबाइल और सिम कार्ड के जरिए ठगी कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इब्राहिम अंसारी उर्फ पाडु (19 वर्ष), ग्राम पाण्डेडीह, थाना अहिल्यापुर, जिला गिरिडीह; हुसैन अंसारी (26 वर्ष), ग्राम कबरी; साकिर अंसारी उर्फ लालु (26 वर्ष), ग्राम बरगुंडी; और सिराज अंसारी (28 वर्ष), ग्राम पारटोल के रूप में हुई है। हुसैन, साकिर और सिराज करमाटांड़ थाना क्षेत्र, जामताड़ा जिले के निवासी हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों को योनो ऐप अपडेट के नाम पर कॉल करते थे। इसके बाद व्हाट्सएप और स्क्रीन शेयरिंग ऐप के माध्यम से पीड़ितों के मोबाइल की स्क्रीन एक्सेस कर लेते थे। स्क्रीन एक्सेस मिलने के बाद आरोपी योनो ऐप का यूजर आईडी और पासवर्ड तैयार करते थे। जैसे ही ओटीपी प्राप्त होता था, नेट बैंकिंग के जरिए पीड़ितों के खातों से पैसे निकाल लिए जाते थे। इन साइबर अपराधियों का नेटवर्क पूरे देश में फैला हुआ बताया जा रहा है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन और 8 सिम कार्ड बरामद किए हैं, जिनका उपयोग साइबर ठगी में किया जा रहा था।

इस मामले में जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 09/26, दिनांक 09 फरवरी 2026 के तहत BNS 2023 की धारा 111(1)(iii), 318(4), 319(2), 3(5), आईटी एक्ट की धारा 66(B), 66(C), 66(D) तथा टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की धारा 42(3)(e) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने बताया कि योनो ऐप अपडेट के नाम पर साइबर अपराधियों ने उनके मोबाइल नंबर पर भी कॉल किया था। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर ओटीपी, बैंक विवरण या स्क्रीन शेयर न करें और ऐसे मामलों की तुरंत पुलिस को सूचना दें। फिलहाल पुलिस पूरे साइबर ठगी नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

 

Tags - Jamtara Cyber Crime YONO App Scam Cybercrime Arrest Jamtara Jamtara Police Cyber Arrest Cyber Fraud Arrest Jharkhand Online Banking Scam Jamtara Jharkhand Police Cyber Crime Action How YONO app was used in online banking fraud Jamtara police actio