आदित्यपुर नए एसपी मनोज स्वर्गीयारी का सख्त संदेश, अपराध और नशे पर रहेगी जीरो टॉलरेंस नीति
सरायकेला
सरायकेला-खरसावां जिले के नए पुलिस अधीक्षक (SP) मनोज स्वर्गीयारी ने पदभार संभालते ही आज गुरुवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में आदित्यपुर थाने के पुलिस पदाधिकारियों के साथ अपनी पहली समीक्षा बैठक के बाद SP ने साफ संदेश दिया कि क्षेत्र में अपराध और नशे के कारोबार पर 'जीरो टॉलरेंस' की नीति लागू होगी। उन्होंने गैंगवार, ड्रग्स और संगठित अपराध पर लगाम कसने के लिए हर दिन दो बार विशेष 'एंटी क्राइम चेकिंग अभियान' चलाने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में क्या बातें हुई ?
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में एसपी ने कहा कि जिले में अपराध और नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम रखना है तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने दी जाएगी। साथ ही पूर्व पुलिस अधीक्षक द्वारा शुरू किए गए प्रभावी कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाएगा।
जेल से छूटे अपराधियों का होगा सत्यापन जानें पूरी बात
एसपी ने स्वीकार किया कि आदित्यपुर क्षेत्र में ड्रग्स एक गंभीर चुनौती है। इसे देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की राहत न दी जाए। इसके अलावा गैंगवार, संगठित अपराध और दुष्कर्म के मामलों में विशेष अभियान चलाकर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जेल से रिहा हुए पुराने अपराधियों का सत्यापन कराया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति दोबारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चापड़बाजी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए स्पेशल अभियान
एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने कहा कि जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही चापड़बाजी जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रतिदिन दो बार एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सामान्य वाहन जांच नहीं होगी, बल्कि इसका उद्देश्य अवैध हथियार लेकर घूमने वाले अपराधियों की पहचान कर उन पर कार्रवाई करना है। आम नागरिकों को इस अभियान के दौरान किसी तरह की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और आम लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता और मुस्तैदी के साथ कार्य करेगी।