सरायकेला
सरायकेला सदर अस्पताल में इलाज के दौरान एक प्रसूता की मौत के बाद आज रविवार को परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। शुरू की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। जहां एक तरफ परिजन दोषी स्वास्थ्यकर्मियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, वहीं अस्पताल प्रशासन ने महिला की स्थिति को शुरुआत से ही गंभीर बताते हुए लापरवाही के दावों को खारिज कर दिया है। 
इलाज में लापरवाही से हुई प्रसव पीड़िता की मौत
जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान कांदागोड़ा गांव निवासी शुरू पूर्ती के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शनिवार देर रात प्रसव पीड़ा होने पर उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका कहना है कि महिला की हालत सामान्य थी, लेकिन समय पर उचित इलाज और लगातार निगरानी नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई। परिजनों ने दोषी चिकित्साकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। 
अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों को नकारा
वहीं अस्पताल प्रबंधन ने लापरवाही के आरोपों से इनकार किया है। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर रीमा ने बताया कि महिला अस्पताल पहुंचने के समय गंभीर एनीमिया से पीड़ित थी और उसके शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर काफी कम था। चिकित्सकों की टीम ने उसे बचाने के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए, लेकिन उसकी हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उसे नहीं बचाया जा सका। घटना के बाद कुछ देर तक अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर अस्पताल प्रशासन ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया और पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।