सरायकेला
सरायकेला-खरसावां जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गम्हरिया थाना पुलिस ने आर्का जैन कॉलेज जाने वाले मार्ग पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से कुल 12 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।
जांच के दौरान बाइक सवार युवकों को रोका
पुलिस के अनुसार, गम्हरिया थाना की टीम आर्का जैन कॉलेज जाने वाले मार्ग पर जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक से गुजर रहे दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों के पास से नशीला पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों के पास से मिली ब्राउन शुगर
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीवनपुर निवासी मोहम्मद कलीम खान और कोलाबिरा निवासी प्रदीप महतो के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान मोहम्मद कलीम खान के पास से 9 ग्राम और प्रदीप महतो के पास से 3 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की नजर
पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाने की तैयारी थी और इसके पीछे किसी बड़े नशा तस्कर गिरोह की भूमिका तो नहीं है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीवनपुर निवासी मोहम्मद कलीम खान और कोलाबिरा निवासी प्रदीप महतो के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, कलीम खान के पास से 9 ग्राम जबकि प्रदीप महतो के पास से 3 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विशेष रूप से युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकने के लिए संदिग्ध स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिले में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात पुलिस ने कही है।