logo

सरायकेला में लोडेड देसी कट्टा के साथ कुख्यात अपराधी गुड्डू गिरफ्तार, साथी फरार

saraikela_desi_katta.jpg

सरायकेला 
सरायकेला-खरसावां जिले की कपाली ओपी पुलिस ने अपराध की योजना बना रहे एक कुख्यात अपराधी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पूर्वी सिंहभूम जिले के सोनारी थाना क्षेत्र के निर्मलनगर दोमुहानी बिलासबस्ती निवासी गुड्डू उर्फ राकेश गोस्वामी (26 वर्ष) के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक स्कूटी से पुड़ीसिली स्थित महतो होटल के आसपास हथियार के साथ घूम रहे हैं और किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू की।
पीछा कर एक आरोपी को दबोचा, साथी फरार
इसी दौरान पुलिस वाहन को देखकर स्कूटी सवार दोनों युवक भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया और एक युवक को दबोच लिया, जबकि उसका दूसरा साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी की तलाशी लेने पर उसकी कमर से एक लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। मामले को लेकर कपाली ओपी (चांडिल थाना) में कांड संख्या 105/26, दिनांक 31 जुलाई 2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बीए)/26 के तहत कार्रवाई की गई है। पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
10 आपराधिक मामले पहले से दर्ज
एसडीपीओ शिव कुमार ने बताया कि गिरफ्तार गुड्डू उर्फ राकेश गोस्वामी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, दंगा, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न संगीन धाराओं में 10 मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब उसके फरार साथी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। कार्रवाई में कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, सब इंस्पेक्टर हसनैन अंसारी सहित कपाली ओपी के पुलिस जवान शामिल थे।

Tags - Saraikela Kapali Police Arms Act Crime News Jharkhand Police