logo

सरायकेला : दो बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर, समारोह से लौट रहे दो लोगों की मौत, चार गंभीर रूप से घायल

WhatsApp_Image_2026-05-27_at_12_09_35_PM_(1).png

सरायकेला
ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा चुनचुड़ीया गांव के समीप दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई भीषण टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी हताहत कुईडीह गांव में एक समारोह से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। 
दो बाइकों की भिड़ंत में 6 गंभीर घायल
प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों के अनुसार दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना ईचागढ़ थाना प्रभारी बजरंग महतो को दी। सूचना मिलते ही ईचागढ़ पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। प्रशासन और ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को मिलन चौक स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पांच घायलों को रेफर कर दिया। वहीं, एक अन्य घायल का इलाज उसी निजी अस्पताल में चल रहा है। इलाज के लिए ले जाने के दौरान दो की मौत
अस्पताल ले जाने के क्रम में उमाचरण पुरान उर्फ लालू पुरान तथा श्याम लाल सिंह मुंडा को गंभीर चोटें होने के कारण, मिलन चौक से मुरी ले जाते समय रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार सभी लोग कुईडीह गांव में एक समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया। ईचागढ़ पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है कि आखिर यह दुर्घटना किस वजह से हुई।
 

Tags - Saraikela Road Accident Ichagarh Police Bike Collision Jharkhand Fatal Road Mishap Jharkhand News