द फॉलोअप डेस्क
बोकारो जिले के पलिहारी गुरुडीह पंचायत की मुखिया सपना कुमारी के लापता होने के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस ने 05 अक्टूबर को उन्हें रांची से सकुशल बरामद किया। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी बेरमो एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी।
2 अक्टूबर को अचानक गायब होने के बाद सपना कुमारी के परिवार में हड़कंप मच गया था। परिजनों ने गोमिया थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने टेक्निकल इनपुट्स और लोकेशन ट्रैकिंग की मदद से तेजी से कार्रवाई की और मुखिया को रांची से सकुशल ढूंढ निकाला।
पूछताछ के दौरान सपना कुमारी ने बताया कि पारिवारिक तनाव की वजह से वे अपनी महिला मित्र के घर रांची चली गई थीं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें अपने परिवार के लोगों से कोई शिकायत नहीं थी। फिलहाल उन्हें सुरक्षित रूप से उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। बता दें कि सपना कुमारी झारखंड की सबसे कम उम्र की मुखिया हैं और अपनी खूबसूरती और सोशल मीडिया एक्टिविटी के कारण अक्सर चर्चा में रहती हैं। वे रील्स बनाने की शौकीन हैं और इंस्टाग्राम पर काफी लोकप्रिय हैं। उनके अचानक गायब होने से प्रशासन से लेकर आम लोगों तक में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने इस मामले को पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से निपटाते हुए केवल कुछ ही दिनों में मुखिया को ढूंढ निकाला। अब पुलिस ने इस मामले को संपूर्ण रूप से सुलझा हुआ बताया है।
