गिरिडीह
गिरिडीह जिले के सरिया में इंकलाबी नौजवान सभा (RYA) नेता राहुल राज मंडल के पिता अशोक मंडल की संदिग्ध परिस्थिति में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जमीन विवाद को मुख्य कारण बताया है। वहीं मृतक के पुत्र राहुल राज मंडल ने सरिया थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया है कि बड़े जमीन कारोबारियों समेत पांच लोगों ने साजिश के तहत उनके पिता की हत्या कर शव घर के पीछे फेंक दिया। आवेदन में कहा गया है कि जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और विरोध करने पर लगातार दबाव एवं धमकियां दी जा रही थीं। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात अशोक मंडल घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। शनिवार सुबह घर के पीछे उनका शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला।

पुलिस जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, मामले ने राजनीतिक रूप भी लेना शुरू कर दिया है। भाकपा माले प्रखंड कमिटी सदस्य सह इंकलाबी नौजवान सभा (RYA) जिला कमिटी सदस्य राहुल राज मंडल के पिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर धनवार विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राजकुमार यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देते हुए घटना पर गहरा दुख जताया। पूर्व विधायक ने थाना प्रभारी, डीएसपी और सिविल सर्जन से फोन पर बातचीत कर मामले की निष्पक्ष एवं शीघ्र जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द मामले का खुलासा नहीं हुआ तो भाकपा माले आंदोलनात्मक कदम उठाने पर विचार करेगी। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट व पुलिस जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी। पुलिस पूरे मामले की हर एक एंगल से कर रही है।
