logo

आतंकी साजिश था RSS कार्यालय पर हमला, NIA की जांच में हुआ खुलासा

जाूीदत3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची आरएसएस कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। इस मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी अमन अंसारी और सयाम सुजान ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की पूछताछ में बताया है कि हमला सुनियोजित आतंकी साजिश का हिस्सा था। दोनों आरोपी पाकिस्तान और दुबई में बैठे अपने हैंडलरों के संपर्क में थे, जो उन्हें लगातार निर्देश दे रहे थे। एनआईए ने दोनों आरोपियों को सात दिन की रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है और पिछले तीन दिनों से उनसे कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जा रही हैं।


ऑनलाइन मिली पेट्रोल बम बनाने की ट्रेनिंग
जांच में सामने आया है कि आरोपियों को पेट्रोल बम तैयार करने और उसका इस्तेमाल करने की ट्रेनिंग ऑनलाइन दी गई थी। वे वीडियो कॉलिंग एप बॉटिम और व्हाट्सएप के जरिए विदेशी हैंडलरों के संपर्क में थे और इन्हीं माध्यमों से हमले की पूरी साजिश रची गई। एनआईए अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी दुबई कैसे पहुंचे और वहां किन लोगों से जुड़े। एजेंसी को संदेह है कि उनका संबंध 'तेहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान' नामक आतंकी मॉड्यूल से था, जिसे पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई का परोक्ष समर्थन मिलने की आशंका है।


दिल्ली भागने की थी योजना, फंडिंग और नेटवर्क की जांच
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि हमला करने के बाद आरोपी बोकारो और कोडरमा के रास्ते बिहार होते हुए दिल्ली भागने की योजना बना रहे थे। अब एनआईए यह पता लगाने में जुटी है कि दिल्ली में उनका संपर्क किससे होने वाला था और झारखंड में उन्हें किन लोगों ने शरण दी। साथ ही आरोपियों के बैंक खातों और आर्थिक लेनदेन की जांच की जा रही है, ताकि फंडिंग के स्रोत का पता लगाया जा सके। एजेंसी राज्य में सक्रिय संभावित स्लीपर सेल और उनके नेटवर्क की भी गहन जांच कर रही है।


एटीएस ने 61 संदिग्धों की सूची तैयार कर जिलों को किया अलर्ट
इधर, झारखंड एटीएस ने भी राज्य में सक्रिय संदिग्ध आतंकी नेटवर्क पर कार्रवाई तेज कर दी है। एटीएस ने आईएसआईएस और अलकायदा से जुड़े 61 संदिग्धों की सूची तैयार कर राज्य के सभी 24 जिलों के पुलिस अधीक्षकों को भेजी है। इनमें 12 संदिग्ध आईएसआईएस और 49 संदिग्ध अलकायदा से जुड़े बताए गए हैं। पुलिस को इन सभी पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां संभावित आतंकी गतिविधियों को रोकने और पूरे नेटवर्क की पहचान करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही हैं।


 

Tags - RSS Attack NIA Ranchi ATS Jharkhand