रांची:
रांची RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के एक आरोपी सैफ को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। अब खबर यह भी निकलकर आ रही है कि आरोपी पेट्रोल बम फेंकते समय वीडियो भी बनाया था और उस वीडियो को पाकिस्तान भेजा था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।

खिड़की तोड़कर फरार हो गया था
जानकारी के मुताबिक, RSS कार्यालय पर हुए हमले के बाद पुलिस ने सैफ समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। हालांकि, सैफ कोतवाली थाना की हाजत से खिड़की तोड़कर फरार हो गया था, जिसकी पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थी। आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया। बाद में सूचना मिली कि वह बस के जरिए भागने की कोशिश कर रहा है, जिसके बाद मांडर टोल के पास उसे दोबारा पकड़ लिया गया। पुलिस जब सैफ को लेकर लौट रही थी, तभी उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों का हथियार छीनने और भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। दो दिन पहले रांची के निवारणपुर स्थित RSS कार्यालय पर देर रात पेट्रोल बम से हमला किया गया था। मामले में अमन अंसारी और सायन खान समेत अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब हमले के पीछे की साजिश, नेटवर्क और अन्य संभावित कड़ियों की गहन जांच कर रही है।