बोकारो/चंद्रपुरा:
Bokaro News: चंद्रपुरा डीवीसी कॉलोनी (Chandrapura DVC Colony) के पश्चिमपल्ली स्थित क्वार्टर में 17 सितंबर को हुई गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल रोहित सिन्हा (Rohit Sinha) की बुधवार अलसुबह रांची स्थित मेदांता अस्पताल (Medanta Hospital) में इलाज के दौरान मौत हो गयी। रोहित की मौत के साथ ही इस गोलीकांड में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गयी है।
.jpeg)
पिता और मां की मौके पर ही हो गयी थी मौत
इस घटना में रोहित के पिता नरेश सिन्हा और मां रेणु देवी की मौके पर ही मौत हो गयी थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल रोहित को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया था। पिछले करीब 13 दिनों से उसका मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था।
शरीर में फंसी कुछ गोलियां निकाली गयी थीं
बताया गया कि गोलीबारी की घटना में रोहित गंभीर रूप से घायल हुआ था। इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसके शरीर में फंसी कुछ गोलियां निकाल दी थीं। इसके बावजूद उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। बुधवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से मातम
रोहित की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और आसपास के लोगों में शोक की लहर दौड़ गयी। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।