logo

बोकारो के ग्वालाडीह गांव में कीचड़ में तब्दील हुई सड़क, बारिश ने बढ़ाई मुश्किल; ये है मांग

a5214.jpg

बोकारो:

बोकारो जिले में विकास को लेकर भले ही बड़े-बड़े दावे किए जाते हों, लेकिन चास प्रखंड के पिंड्राजोरा पंचायत अंतर्गत ग्वालाडीह गांव की तस्वीर इन दावों पर सवाल खड़े करती है। गांव के ग्रामीण लंबे समय से पक्की सड़क की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

बारिश में कीचड़ में तब्दील होती है सड़क
ग्रामीणों के अनुसार, गांव तक पहुंचने वाली सड़क की स्थिति बेहद खराब है। बारिश होते ही सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी उस समय होती है, जब किसी ग्रामीण को अचानक इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़ती है। खराब और कीचड़ भरे रास्ते में वाहनों के फंसने का खतरा बना रहता है। ऐसे में मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाना ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है।

जनप्रतिनिधियो ने नहीं सुनी शिकायत
ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधियों का गांव में आना-जाना बढ़ जाता है। उस दौरान सड़क निर्माण समेत कई विकास कार्यों का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद उनकी समस्याएं फिर नजरअंदाज कर दी जाती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार सड़क निर्माण की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों से मिले, लेकिन उन्हें फंड उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर वापस कर दिया जाता है। वर्षों बीत जाने के बावजूद गांव के लोगों को पक्की सड़क की सुविधा नहीं मिल सकी है।

ग्रामीणों ने अविलंब सड़क निर्माण की मांग की
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की बदहाली का असर बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों पर पड़ रहा है। अब ग्रामीणों ने सरकार और जिला प्रशासन से मामले में गंभीरता से पहल कर जल्द पक्की सड़क का निर्माण कराने की मांग की है। उन्हें उम्मीद है कि वर्षों से चली आ रही इस समस्या का अब स्थायी समाधान होगा।

Tags - JharkhandBokaroRoadDevelopment