द फॉलोअप, पाकुड़:
खनिज एवं खान (विकास तथा विनियमन) संशोधन अधिनियम 2026 के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल ने गुरुवार को पाकुड़ जिला मुख्यालय में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। राजद जिलाध्यक्ष महावीर कुमार मड़ैया के नेतृत्व में केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर हल्लाबोल किया गया। राजद ने MMDR कानून को तत्काल वापस लेने की मांग की। धरने को संबोधित करते हुए राजद नेताओं ने आरोप लगाया कि नया कानून लागू होने से झारखंड में खनन और उद्योग क्षेत्र प्रभावित होगा, जिसका सीधा असर मजदूरों के रोजगार और राज्य के विकास पर पड़ेगा।
.jpeg)
केंद्र सरकार से इस कानून को वापस लेने की मांग
राजद नेताओं ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा से राज्य को मिलने वाला राजस्व प्रभावित हुआ तो इसका असर गरीबों और जरूरतमंदों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर भी पड़ सकता है। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार से इस कानून को वापस लेने की मांग की। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम पाकुड़ उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया। एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन में जिला सचिव रंजीत कुमार सिंह, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष इकरामुल अंसारी, हजरत शेख, अमन सिंह, भुटन यादव, मनोज मड़ैया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री की सड़क दुर्घटना में मृत्यु पर राजद ने दो मिनट का मौन धारण किया।
