पाकुड़
पाकुड़ में बीते कई दिनों से जारी खराब विद्युत आपूर्ति और भीषण गर्मी के बीच राजद ने बिजली व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. शनिवार को राजद के जिलाध्यक्ष महावीर मड़ैया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने विद्युत कार्यपालक अभियंता शैलेंद्र बेसरा से मुलाकात कर स्थिति पर नाराजगी जताई. इस दौरान जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ, तो राजद जनहित में उग्र ‘हल्ला बोल’ आंदोलन शुरू करेगी. उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच बिजली की अनियमित आपूर्ति से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है और स्थिति काफी गंभीर हो चुकी है. प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से तिलभिटा फीडर क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या को उठाया. बताया गया कि पिछले दो दिनों से इस क्षेत्र में वोल्टेज इतना कम है कि पंखे और अन्य विद्युत उपकरण तक ठीक से नहीं चल पा रहे हैं. इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. इस पर कार्यपालक अभियंता ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी खामियों को जल्द दूर करने का आश्वासन दिया.
रविवार तक बिजली आपूर्ति दुरुस्त होने का आश्वाशन
कार्यपालक अभियंता शैलेंद्र बेसरा ने कहा कि विभाग स्थिति को सुधारने के लिए तेजी से काम कर रहा है और रविवार तक बिजली आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त कर लिया जाएगा. उन्होंने यह भी बताया कि ‘प्रधानमंत्री मुफ्त बिजली योजना’ के तहत उपभोक्ता सौर ऊर्जा अपनाकर राहत पा सकते हैं, जिसमें 30 हजार से 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है. इस मौके पर राजद के जिला सचिव हजरत शेख, युवा नेता और अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद थे. सभी ने एक स्वर में जिले में नियमित बिजली आपूर्ति और सही वोल्टेज सुनिश्चित करने की मांग की.
