द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड में भीषण गर्मी से राहत मिली है। मानसून के पहुंचने से पहले बारिशों का दौरा जारी हो गया है। आज भी मौसम सुहाना रहेगा। कई जिलों में वज्रपात के साथ बारिश की उम्मीद है। बता दें कि केरल से चला मानसून कई दिनों तक बंगाल में अटका था। पिछले 24 घंटे के दौरान इसने रफ्तार पकड़ी। मौसम विभाग ने कहा है कि मालदा से रक्सौल-भागलपुर होते हुए जल्द ही मानसून के संताल परगना में प्रवेश करने की उम्मीद है। 22-23 जून को मानसून झारखंड में दाखिल हो सकता है।
वज्रपात से 3 लोगों की मौत
गौरतलब है कि झारखंड में गुरुवार को हुए बारिश के साथ वज्रपात में 3 लोगों की मौत हो गई। रांची मौसम केंद्र के प्रमुख अभिषेक आनंद ने बताया कि 20 जून को झारखंड के किसी इलाके में हीट वेव की स्थिति नहीं रही। पूरे झारखंड में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। 21 जून को भी उत्तर-पूर्वी सहित दक्षिणी भाग में वज्रपात के साथ भारी बारिश हो सकती है।
40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
उन्होंने बताया कि इस समय कहीं-कहीं 40-50 किलोमीटर की रफ्तार से हवा भी चलने की संभावना है। 22 जून को भी यही स्थिति रहेगी। 23 जून को संताल परगना में वज्रपात के साथ तेज बारिश व हवा चलने की संभावना जतायी गयी है। पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें, तो सबसे अधिक 63.5 मिलीमीटर बारिश राजधानी रांची से सटे खूंटी में हुई। राजधानी रांची में गुरुवार की रात साढ़े आठ बजे हिनू में 28 मिमी जबकि अन्य इलाके में 30 से 40 मिमी वर्षा हुई।
रांची का तापमान 24 घंटे में 4.2 डिग्री सेंटीग्रेड घटा
बारिश होने की वजह से 24 घंटे में रांची का अधिकतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस गिर गया है. 19 जून के रांची का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस था, जबकि 20 जून को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. 16 जून को रांची का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस था.