रामगढ़:
झारखंड के रामगढ़ जिला अंतर्गत मांडू थानाक्षेत्र की हुवाग पंचायत अंतर्गत सिमरिया टांड़ में मंगलवार सुबह जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में गिरिडीह में कार्यरत रजिस्टार बालेश्वर पटेल की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मांडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में कई आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

लंबे समय से चला आ रहा था जमीन विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना का कारण जमीन को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद बताया जा रहा है। जिसमें एक गुट ने बालेश्वर पटेल पर लाठी डंडा और धारदार हथियार से हमला कर दिया इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।